संवेदनाओं का स्पंदन ! रतनपुरी स्पंदन सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने 'अपना घर आश्रम' को दी एक लाख रुपए की मदद
अपना घर आश्रम में रहने वाले प्रभुजीयों के लिए रत्नपुरी स्पंदन सोशल वेलफेयर सोसायटी ने बड़ा आर्थिक सहयोग प्रदान कर सेवा की अनूठी मिसाल पेश की।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सामाजिक सेवा के क्षेत्र में में अग्रणी संस्था ‘रत्नपुरी स्पंदन सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ ने रतलाम के अपना घर आश्रम को 1 लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट की। राशि संस्था के प्रतिनिधियों ने चेक के माध्यम से बेसहारा और निराश्रित 'प्रभु जी' (आश्रम में रहने वाले विपन्न और आश्रयहीन लोगों को दिया जाने वाला सम्मानजनक नाम) के हितार्थ प्रदान की।
'अपना घर आश्रम' का संचालन 'मां माधुरी बज बारिश सेवा सदन' द्वारा किया जाता है। आश्रम' में ऐसे लोगों को आश्रय देकर उनकी देखभाल की जाती है, जिन्हें समाज द्वारा उपेक्षित कर दिया गया है। आश्रम में सभी को 'प्रभु जी' कहकर सम्मान दिया जाता है। उन्हें भोजन, वस्त्र, चिकित्सा और स्नेह सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।

यही वजह है कि अपना घर आश्रम में रह रहे प्रभु स्वरूप विपन्न एवं आश्रयहीनों के कल्याण हेतु संस्थाएं मुक्तहस्त से सहयोग प्रदान करती हैं। रतनपुरी स्पंदन सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने भी सहयोग राशि प्रदान कर उल्लेखनीय कार्य किया। इसके लिए आश्रम परिवार ने सोसायटी की सराहना की।
दीन-दुखियों की मदद: सबसे बड़ी वंदना
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने अपना मंतव्य व्यक्त करते हुए कहा कि दीन-दुखियों की मदद, चाहे वह किसी भी रूप में हो, किसी जप-तप एवं ईश्वर वंदना से कम नहीं है। यह सहयोग वास्तव में पीड़ित मानव सेवा के क्षेत्र में संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति में एक बड़ा मददगार सिद्ध होगा। रतनपुरी स्पंदन सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा दिए गए सहयोग के लिए 'अपना घर आश्रम' परिवार ने आभार ज्ञापित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की, कि समाज के अन्य वर्ग भी इस नेक कार्य में आगे आकर सहभागी बनेंगे।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
