बस में साढ़े सात करोड़ के सोने की लूट ! सराफा व्यापारी से पांच किलो जेवरों से भरा बैग छीनने का दावा, दोस्त के पास कुछ आभूषण मिलने से कहानी उलझी
रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र में रेनमऊ फंटे के पास बस में सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया से करीब पांच किलो सोने के जेवरों से भरा बैग लूटने की घटना में नया तथ्य सामने आया। पुलिस ने व्यापारी के दोस्त से करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम में गुरुवार रात सोने के आभूषणों की कथित बड़ी लूट का मामला सामने आया है। सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया ने बिलपांक थाना क्षेत्र के रेनमऊ फंटे के पास एक बस में उनसे करीब सात करोड़ रुपए के सोने के आभूषणों से भरा बैग लूटने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाने से पहले अपने एक दोस्त को कुछ आभूषण दिए थे लेकिन उसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। इससे कहानी में नया मोड़ आ गया है।
जानकारी के अनुसार शहर के जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यवसायी अर्पित चौरड़िया गुरुवार को कारोबार के सिलसिले में उज्जैन जिले के बड़नगर गए थे। रात करीब सवा आठ बजे व्यापारिक काम पूरा करने के बाद वे बचे हुए जेवर लेकर बस में सवार होकर रतलाम के लिए रवाना हुए थे। उनके पास सोने के जेवरों से भरा बैग था। इसी दौरान बड़नगर से ही चार-पांच अन्य यात्री भी बस में सवार हुए थे।
बस रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच महू-नीमच हाईवे पर बिलपांक थाना क्षेत्र के रेनमऊ फंटे के पास (चिकलिया टोल नाके से कुछ दूरी पर) पहुंची। तभी बस में सवार एक यात्री ने बस रुकवाई। बस रुकते ही दो लोगों ने चौरड़िया से जेवरों से भरा बैग झपटा और उतरकर भाग गए। इससे हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़ें
धराड़ चौकी पहुंचकर पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद बस धराड़ पुलिस चौकी के पास पहुंची तो व्यवसायी चौरड़िया उतरे और पुलिस को लूट की सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान सहित पुलिस टीम व्यापारी के पास पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यापारी ने पुलिस को बैग में करीब पांच किलो सोने के जेवर होने की बात कही। इसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात करोड़ रुपए बताई गई।
DIG, SP सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
करोड़ों रुपए के सोने की लूट की जानकारी मिलते ही DIG निमिष अग्रवाल, SP अमित कुमार, ASP (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार, ASP (रतलाम शहर) राकेश पंद्रो और SDOP किशोर पाटनवाला सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने व्यापारी से घटना की जानकारी ली। इसके बाद अलग-अलग टीमें गठित कर बदमाशों का पता लगाने के रवाना किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर नाकाबंदी भी की। डॉग स्क्वाड भी सर्चिंग में लगाया गया।
ये भी पढ़ें
जांच के बीच व्यापारी के दोस्त के पास मिला सोना
वारदात की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को सूत्रों और मुखबिर से जानकारी मिली कि घटना के बाद अर्पित चौरड़िया ने धराड़ चौकी के पास अपने एक दोस्त को बुलाया था। उसने उस दोस्त को कुछ सोने की ज्वेलरी भी सौंपी थी। खास बात यह है कि व्यापारी ने पुलिस को इस बारे में कुछ भी नहीं बताया। यह खुलासा होते ही पुलिस ने व्यापारी के दोस्त को थाने तलब किया और पूछताछ कर उसके पास से करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की। इस ताजा घटनाक्रम ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
- व्यापारी अर्पित चौरड़िया के साथ बस में कौन-कौन लोग सवार हुए थे?
- व्यापारी के पास बड़नगर से रतलाम के लिए निकलते समय कुल कितनी मात्रा में सोना था?
- दोस्त से बरामद ज्वेलरी किस बैग या किस स्थिति में व्यापारी के पास मौजूद थी? क्या यह वही सोना था जो कथित लूट से पहले अलग कर दिया गया था या यह किसी अन्य बैग में रखा था?
- वारदात के तुरंत बाद व्यापारी ने अपने दोस्त को सोना सौंपने की बात पुलिस से क्यों छिपाई?
ये भी पढ़ें
बदमाशों की तलाश के साथ CCTV भी खंगाले जा रहे
पुलिस की जांच केवल व्यापारी और उसके दोस्त तक सीमित नहीं है। घटना में शामिल बताए जा रहे बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
महू-नीमच हाईवे पर घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। इसके अलावा बड़नगर बस स्टैंड के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच रही है कि बस को रेनमऊ फंटे पर रुकवाने वाला यात्री कौन था और उसके बाद व्यापारी का बैग लेकर भागने वाले दोनों बदमाश किस दिशा में गए।








