डीजे से निकली 'मातम की धुन' ! शादी में हुआ खूनी विवाद, फेरे से पहले ही बुझ गया एक घर का चिराग, बिन दुल्हन के बैरंग लौटी तीन बारातें

रतलाम के ताल में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक की मौत और तीन घायल, तीनों बारातें बिना फेरे लौटीं।

Apr 20, 2026 - 14:00
Apr 20, 2026 - 14:27
 0
डीजे से निकली 'मातम की धुन' ! शादी में हुआ खूनी विवाद, फेरे से पहले ही बुझ गया एक घर का चिराग, बिन दुल्हन के बैरंग लौटी तीन बारातें
ताल में आयोजित शादी समारोह में युवक की हत्या।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के ताल में खुशियों से सजे मंडप में अचानक चीख-पुकार गूंज उठी। एक शादी समारोह उस वक्त खून-खराबे में बदल गया, जब डीजे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बेकाबू हिंसा में तब्दील हो गया। चंद मिनटों में हालात ऐसे बिगड़े कि एक युवक की जान चली गई, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नतीजतन तीन बेटियों की शादी बिना फेरे के ही अधूरी रह गईं और बारातें बैरंग लौट गईं।

Google NewsFollow Us
150

ताल के भोई मोहल्ले में शंकरलाल भोई की तीन बेटियों की शादी थी। रूनीजा, बसाड़ और ऊनी गांव से बारातें आई थीं। रात करीब 9.30 बजे माहौल उस समय बिगड़ गया, जब बसाड़ से आई बारात के डीजे ऑपरेटर ने माइक से अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज शुरू कर दी। मोहल्ले के दिलीप माली ने इसका विरोध किया, लेकिन बात समझाने के बजाय आरोपियों ने आक्रामक रुख अपनाया और देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई। 

500
200

बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं बख्शा

विवाद बढ़ता देख दिलीप का भाई सुनील माली और मोहल्ले का युवक समरथ बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें नहीं बख्शा और हमला कर दिया। आरोप है कि डीजे ऑपरेटर माखन कुमावत ने चाकू निकालकर दिलीप के पेट में वार किया, जबकि उसके साथी बापू कहार ने लोहे के पाइप से हमला किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई।

ये भी पढ़ें

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूटी सांसें

घटना के बाद घायलों को तुरंत ताल के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दिलीप की हालत नाजुक होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। इससे जहां खुशियों का माहौल होना था, वहां मातम पसर गया।

तीन दुल्हनों की शादी रह गई अधूरी

इस खौफनाक घटना के बाद पूरा समारोह ठप पड़ गया। मंडप सजा रहा, लेकिन फेरे नहीं हो सके। तीनों बेटियों की बारातें बिना दुल्हन के ही लौट गईं। परिजन के मुताबिक, विवाद केवल बसाड़ से आई बारात के डीजे पक्ष से हुआ था, अन्य दो बारातों का इससे कोई लेना-देना नहीं था। इसके बावजूद उनकी खुशियां भी इस हिंसा की भेंट चढ़ गईं।

पुलिस एक्शन में, आरोपी गिरफ्त में

ताल पुलिस ने मुख्य आरोपी माखन कुमावत सहित 3-4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।