प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने मुंह बोले दामाद से अपने दामाद पर चलवाई थी गोली, दूसरी गोली पिस्तौल में फंसने से बच गई थी जान, दोनों गिरफ्तार
रतलाम में प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने दामाद की हत्या के लिए अपने मुंहबोले दामाद को शूटर बनाया। तीन महीने तक रेकी, रेलवे स्टेशन पर फायरिंग और जीआरपी की गिरफ्तारी से हुआ साजिश का खुलासा।
रतलाम रेलवे स्टेशन पर 19 अक्टूबर को स्कूटर सवार युवक पर फायरिंग का मामला, वडोदरा में ऑपरेशन कर निकाली गई थी गोली
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बेटी के प्रेम विवाह से नाराज उसके पिता ने दामाद को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने दामाद की हत्या के लिए मुंह बोले दामाद को चुना जिसने वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक को वडोदरा में भर्ता कराया गया थां जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई थी। पुलिस दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार विगत 19 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन स्थिति रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स के पीछे सुनील प्रजापत नामक युवक पर गोलियां दागी गईं थी। आरोपियों ने दो फायर किए जिसमें से एक गोली सुनील की पीठ में लगी, जबकि दूसरी पिस्तौल में ही फंसी रह गई। इससे सुनील घायल हो गया था। मामले की जांच जीआरपी द्वारा की जा रही थी जिसका खुलासा कर दिया गया है। मुख्य साजिशकर्ता युवक के ससुर कोमल सिंह उर्फ नाना पिता शंभू सिंह पंवार (49) निवासी जूनी कालाल सेरी रतलाम और शूटर गौरव पिता जवाहरलाल नागदा (37) निवासी नागदा जंक्शन, जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेजने के आदेश हुए।
प्रेम विवाह का बदला लेने के लिए किया इस्तेमाल
जीआरपी के अनुसार साजिश की जड़ करीब छह महीने पुरानी है। कोमल सिंह उर्फ नाना पंवार की बेटी ने सुनील प्रजापत (29) से प्रेम विवाह किया था। इससे कोमल सिंह नाराज था जिसके चलते उसने बड़ी बेटी की शादी के बाद सुनील को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने अपनी मुंहबोली बेटी के पति नागदा निवासी गौरव नागदा को तैयार किया। गौरव ने सुनील को रास्ते से हटाने के लिए हामी भर दी और उसकी आवाजाही तथा कामकाज की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें
पहले उज्जैन रहा, पुराने परिचितों से जानकारी जुटाई
पकड़े जाने से बचने के लिए कोमल ने खुद को रतलाम से दूर रखा। वह तीन-चार महीने उज्जैन में रहा। इस दौरान वह रतलाम के पुराने परिचितों के माध्यम से सुनील की गतिविधियों और दिनचर्या की जानकारी जुटाता रहा। सामान्य बातचीत के बहाने फोन कर वह सुनील की आवाजाही और कामकाज का पता भी लगाता था। उसे मालूम था कि सुनील रोजाना काम के सिलसिले में दाहोद जाता है। इसके आधार पर ही सुनील पर हमले का दिन, समय और स्थान तय किया गया।
ट्रेन में मिले अजनबी से खरीदी थी पिस्तौल
आरोपी गौरव ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो साल पहले ट्रेन में मिले एक अज्ञात व्यक्ति से पिस्तौल खरीदी थी। इसकी जानकारी उसने कोमल को भी दे रखी थी। 19 अक्टूबर को दोनों आरोपी बिना नंबर की कार और एक्टिवा से रेलवे स्टेशन पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए दोनों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स के पीछे ट्रेन से उतरकर जा रहे सुनील को गौरव ने निशाना बनाकर गोली दाग दी थी। एक गोली सुनील की पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली चलाने के प्रयास में पिस्तौल में ही फंस गई थी। कोमल दौरान वाहन चला रहा था और हमले के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
ये भी पढ़ें
रीढ़ के पास फंसी थी गोली, वडोदरा में हुआ ऑपरेशन
गोली लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गोली रीढ़ के पास फंस गई थी। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे वडोदरा ले जाया गया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई थी। दूसरी गोली पिस्तौल में फंसने से हमले में दूसरी बार फायर नहीं हो सका और सुनील की जान बच गई थी।
राजस्थान समेत कई शहरों में छिपे, मोबाइल भी कर लिए थे बंद
वारदात के बाद दोनों आरोपी राजस्थान और अन्य शहरों में फरार हो गए थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए थे। जीआरपी ने आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया तो दोनों ने समर्पण कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और पिस्तौल जब्त कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास के मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें







