IG राकेश गुप्ता का रतलाम दौरा ! अपराध नियंत्रण पर सख्ती और आधुनिक पुलिसिंग पर दिया जोर, पुलिस परिवार को मिला ‘निकुंज’ सामुदायिक भवन

उज्जैन जोन के आईजी राकेश गुप्ता ने रतलाम में अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। मादक पदार्थ तस्करी, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर सख्त निर्देश दिए। पुलिस लाइन में सामुदायिक भवन ‘निकुंज’ का भी शुभारंभ किया।

IG राकेश गुप्ता का रतलाम दौरा ! अपराध नियंत्रण पर सख्ती और आधुनिक पुलिसिंग पर दिया जोर, पुलिस परिवार को मिला ‘निकुंज’ सामुदायिक भवन
क्राइम मीटिंग को संबोधित करते उज्जैन रेंज के आईजी राकेश गुप्ता, समीप हैं डीआईजी निमिष अग्रवाल एवं एसपी अमित कुमार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । उज्जैन जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश गुप्ता ने गुरुवार को रतलाम जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई के निर्देश दिए। आईजी ने पुलिस परिवार और आमजन के लिए पुलिस लाइन स्थित नवनिर्मित पुलिस सामुदायिक भवन ‘निकुंज’ का शुभारंभ भी किया।

रतलाम दौरे के दौरान आईजी गुप्ता ने नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में अपराधों और उन्हें नियंत्रित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आईजी श्री राकेश गुप्ता ने जिले में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, संपत्ति संबंधी अपराधों, महिला एवं बाल अपराधों, मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामील और कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

पुलिस परिवारों और आमजन को समर्पित ‘निकुंज’

दौरे के दूसरे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आईजी राकेश गुप्ता ने पुलिस लाइन रतलाम स्थित नवनिर्मित पुलिस सामुदायिक भवन “निकुंज” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डीआईजी अग्रवाल, एसपी कुमार, एएपी विवेक कुमार के अलावा रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका सिंह ठाकुर, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा

पुलिस विभाग के अनुसार सामुदायिक भवन “निकुंज” पुलिस परिवारों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों का केंद्र बनेगा। भवन में पर्याप्त पार्किंग, बैठक व्यवस्था और आयोजन संबंधी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

आईजी राकेश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं पुलिस परिवारों के कल्याण, सामाजिक समन्वय और संगठनात्मक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इसे पुलिस कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

पुलिस कल्याण और आधुनिक पुलिसिंग पर जोर

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सामुदायिक भवन के बेहतर संचालन और अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। रतलाम पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के कल्याण, आधुनिक पुलिसिंग और जनहित से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।