त्वरित खुलासा ! सुपारी देकर करवाई थी सराफा व्यापारी के घर पर फायरिंग, 5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी

रतलाम के सैफी नगर फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद में सुपारी देकर फायरिंग करवाई गई थी।

त्वरित खुलासा ! सुपारी देकर करवाई थी सराफा व्यापारी के घर पर फायरिंग, 5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी
सैफीनगर में सराफा व्यापारी के घर हुई फायरिंग का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया।

शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद का मामला, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का रतलाम पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में कि शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से सुपारी देकर फायरिंग करवाने की बात सामने आई है।

गोलीकांड का खुलासा एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) ने शनिवार देर शाम पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया के समक्ष किया। एसपी ने बताया 19 जून 2026 को दोपहर लगभग 3:16 बजे दीनदयाल नगर थानांतर्गत सैफी नगर स्थित मकान नंबर 80 पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के समय चांदनी चौक स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक कमल सोनी स्थित हैं, पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित सोनी, दिव्यांश सोनी एवं पुत्रवधू मौजूद थे।

इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश चार आरोपी घर के बाहर पहुंचे। मनीषा सोनी खिड़की के पास खड़ी थीं, तभी एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि मनीषा सोनी ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल नीचे झुककर खुद को बचा लिया। गोली उन्हें लगने के बजाय खिड़की के कांच में जाकर लगी, जिससे कांच टूट गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

ये भी पढ़ें

विशेष टीम गठित कर शुरू की गई जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो एवं एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में दीनदयाल नगर, साइबर सेल और सीसीटीवी शाखा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया तथा विभिन्न संभावित पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई गई। गहन पड़ताल और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही और फायरिंग में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने विनोद उर्फ वीनू शर्मा के कहने पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। विनोद बजरंग दल का पूर्व विभाग संयोजक है। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फरियादी के पुत्र दिव्यांश सोनी का सरवन निवासी आदित्य के साथ शेयर मार्केट एवं एमसीएक्स से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पूर्व में शिकायत भी की जा चुकी थी।

ये भी पढ़ें

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कथित रूप से आदित्य द्वारा पैसों की वसूली अथवा दबाव बनाने के उद्देश्य से विनोद उर्फ वीनू शर्मा को सुपारी दी गई थी। इसके बाद विनोद उर्फ वीनू शर्मा ने अपने साथियों के माध्यम से सैफी नगर में फायरिंग की घटना को अंजाम दिलवाया।

गिरफ्तार आरोपी

1. भोला पिता रामेश्वर पाटीदार (29), निवासी – पैलेस रोड, रतलाम

2. विनीत उर्फ चुचू पिता महेंद्र सिंह बड़गोतिया (25), निवासी – रिटायर्ड कॉलोनी, लक्ष्मणपुरा, रतलाम

3. अजय उर्फ गट्टू पिता हरिराम चौहान (24), निवासी – आनंद कॉलोनी, रतलाम

4. रविन्द्र पिता मिथलेश राजन (32), निवासी – रेल नगर, रतलाम

5. कन्हैया नायक पिता हीरालाल (43)

फरार आरोपी

विनोद उर्फ वीनू पिता प्यारेलाल शर्मा एवं अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

हथियार और षड्यंत्र की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों, घटना में प्रयुक्त हथियारों तथा पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच जारी है। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

मामले के खुलासे में उप निरीक्षक अनुराग यादव, उप निरीक्षक जीवन बारिया, उप निरीक्षक राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, अभिषेक पाठक, हर्षल शर्मा, संदीप कुमावत, दीपकसिंह, शान्तीलाल डिण्डोर एवं रवि चंदेल की सराहनीय भूमिका रही।

ये भी पढ़ें