नगर निगम के संसाधनों में शामिल हुई एक पोकलेन और दो जेसीबी, महापौर प्रहलाद पटेल ने पूजन कर लोकार्पण किया
रतलाम नगर निगम ने एक नवीन पोकलेन और दो जेसीबी मशीनों को अपने संसाधनों में शामिल किया। महापौर प्रहलाद पटेल ने पूजा-अर्चना के साथ मशीनों का लोकार्पण किया।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर तथा नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने अपने संसाधनों में एक नवीन पोकलेन और दो जेसीबी मशीनें शामिल की हैं। इन मशीनों का लोकार्पण बुधवार को महापौर प्रहलाद पटेल ने निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों की मौजूदगी में किया।
नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित फायर स्टेशन भवन पर आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महापौर ने नवीन मशीनों का लोकार्पण किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा किए जाने वाले कार्यों को अधिक तेजी और प्रभावी ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से इन मशीनों की खरीदी की गई है। नवीन संसाधनों के उपलब्ध होने से नगर में विभिन्न विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
400 करोड़ से अधिक के हो रहे विकास कार्य
महापौर ने कहा कि वर्तमान निगम परिषद द्वारा 400 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विकास कार्यों के साथ ही नगर निगम की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधनों में भी लगातार वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवीन पोकलेन और जेसीबी मशीनें नगर निगम के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में उपयोगी साबित होंगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, नव नियुक्त एल्डरमैन हेमंत राहौरी, राकेश परमार, गोपाल शर्मा, नारायण सांकला एवं पूजा वोरा, एमआईसी सदस्य, पार्षद तथा निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





