रतलाम में युवक को पीछे से मारी गोली, CCTV में बाइक सवार दो संदिग्ध कैद, तीन माह पहले हुआ था प्रेम विवाह, पुलिस कर रही जांच
रतलाम में रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे 28 वर्षीय सुनील प्रजापत को फ्रीगंज बायपास पर गोली मारी गई। घटनास्थल से खाली खोखा मिला, CCTV में दो संदिग्ध दिखे। पुलिस जांच जारी।
रेलवे स्टेशन से स्कूटर पर घर लौट रहा था सुनील प्रजापत, फ्रीगंज बायपास के मोड़ पर हुई वारदात; मौके से मिला खाली खोखा, हमलावरों और गोली मारने की वजह का खुलासा नहीं
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। हालांकि, उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके से गोली का खाली खोखा बरामद किया है। युवक ने तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था।
जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान सुनील प्रजापत (28), निवासी जूनी कलालसेरी, रतलाम के रूप में हुई है। सुनील गुजरात के दाहोद में एक ज्वेलर्स के यहां काम करता है। सोमवार रात वह ट्रेन से रतलाम पहुंचा था। रेलवे स्टेशन से उतरने के बाद वह अपने स्कूटर से घर जा रहा था। इसी दौरान फ्रीगंज बायपास से मुख्य फ्रीगंज मार्ग की ओर जाने वाले मोड़ पर अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उस पर गोली चला दी।
गोली पीठ में लगने से सुनील घायल हो गया और स्कूटर सहित नीचे गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एफएसएल अधिकारी और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को पुलिस वाहन से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें
घटनास्थल पर मिला खाली खोखा, पतरे पर भी निशान
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सड़क किनारे नाले को ढंकने के लिए लगाए गए पतरे के पास गोली का एक खाली खोखा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। घटनास्थल पर लगे एक पतरे में भी गोली से छेद होने का निशान मिला है।
पुलिस ने पतरे के पीछे नाले के आसपास गोली की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, गोली पतरे को पार कर नाले की तरफ गई होने की आशंका है। घटनास्थल से कितने राउंड फायरिंग हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। गोली की तलाश के लिए सुबह दोबारा जांच किए जाने की बात कही गई है।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध
वारदात के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कैमरों में दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि फायरिंग में उनकी क्या भूमिका थी। उनकी पहचान और वारदात से संबंध की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें
तीन महीने पहले किया था प्रेम विवाह
जांच के दौरान सुनील के प्रेम विवाह की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसने करीब तीन महीने पहले अपने ही मोह्ल्ले में रहने वाले कोमल सिंह पंवार उर्फ नाना की बेटी से प्रेम विवाह किया था। आशंका है कि हमले की एक वजह यह भी हो सकती है। हालांकि, फायरिंग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश की पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में सबसे अहम सवाल यही हैं कि सुनील पर गोली किसने चलाई, हमलावरों का मकसद क्या था और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस दिशा में भागे। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और घायल के परिचितों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ये भी पढ़ें









