पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर भड़के ट्रांसपोर्टर, रतलाम में ऑपरेटर एसोसिएशन ने उठाई ईंधन कोटा बढ़ाने की मांग

रतलाम ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और सीमित ईंधन कोटा का विरोध किया। ट्रांसपोर्टरों ने कमर्शियल वाहनों के लिए डीजल सीमा बढ़ाने और माल भाड़ा बढ़ाने की मांग उठाई।

पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर भड़के ट्रांसपोर्टर, रतलाम में ऑपरेटर एसोसिएशन ने उठाई ईंधन कोटा बढ़ाने की मांग
डीजल के दाम में वृद्धि को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित रतलाम ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारी।

महू रोड पर हुई ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन की बैठक; बोले- सीमित डीजल व्यवस्था से ठप हो रहा परिवहन, कलेक्टर से करेंगे मुलाकात

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और कमर्शियल वाहनों के लिए तय ईंधन सीमा को लेकर रतलाम ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब तक तीन रुपए की बढ़ोतरी होने से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने सरकार से राहत देने की मांग की है।

सोमवार को महू रोड स्थित बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि तथा सीमित ईंधन वितरण व्यवस्था का विरोध करते हुए माल भाड़ा बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप छिपानी ने कहा कि डीजल-पेट्रोल के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी लगभग तीन रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

छिपानी ने प्रशासन द्वारा कमर्शियल वाहनों के लिए तय डीजल सीमा को अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में ट्रांसपोर्टरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 1000 या 2000 रुपए के डीजल में कोई भी कमर्शियल वाहन रतलाम से इंदौर, नीमच या मंदसौर तक जाकर वापस नहीं आ सकता। स्थिति यह बन गई है कि चालकों को हर शहर और पेट्रोल पंप पर कतार में लगकर बार-बार डीजल भरवाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होगा तो वाहन एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक नियमित रूप से आवागमन कर सकेंगे और माल परिवहन प्रभावित नहीं होगा।

ये चाहते हैं ट्रांसपोर्टर

  • छोटी कमर्शियल गाड़ियों को कम से कम 5000 रुपए तक डीजल दिया जाए
  • बड़ी गाड़ियों को 10000 रुपए तक डीजल उपलब्ध कराया जाए
  • कमर्शियल वाहनों के लिए अलग और व्यवस्थित ईंधन व्यवस्था बनाई जाए

ये भी पढ़ें

माल भाड़ा बढ़ाने पर भी बनी सहमति

बैठक में मौजूद व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों ने बढ़ती ईंधन लागत को देखते हुए माल भाड़ा बढ़ाने की आवश्यकता पर भी सहमति जताई। सदस्यों का कहना था कि लगातार बढ़ती लागत के बीच पुराने किराए पर परिवहन संचालन करना संभव नहीं रह गया है।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में संगठन के पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीमाल, अब्दुल रशीद भाई, ओमप्रकाश चितरोड़े, तेज कुमार श्रीमाल सहित सदस्य प्रशांत जैन, हर्ष कटारिया, सक्षम मोदी, गौतम जैन, हेमंत अरोड़ा, शीतल श्रीमाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें