सीसीटीवी कैमरों ने की चुगली तो पुलिस के हत्थे चढ़ गए शत्रुंजय ज्वेलर्स के चोर, 9 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, हथियार और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद

रतलाम के सैलाना में शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा किया। दो आरोपी गिरफ्तार, 9 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, हथियार और चोरी का सामान बरामद।

सीसीटीवी कैमरों ने की चुगली तो पुलिस के हत्थे चढ़ गए शत्रुंजय ज्वेलर्स के चोर, 9 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, हथियार और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद
सैलाना की शत्रुंजय ज्वेलरी शॉप पर हुई चोरी का एसपी अमित कुमार ने खुलासा किया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सैलाना पुलिस ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराए गए करीब 4.5 किलो चांदी के आभूषण, 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण, अवैध हथियार, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस को ऑपरेशन “सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से बड़ी सफलता मिली।

एसपी अमित कुमार ने वारदात का खुलासा सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। एसपी ने बताया फरियादी प्रेम जैन निवासी सैलाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात बड़ा जैन मंदिर के पास स्थित उनकी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर के पुजारी ने दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले और दुकान से करीब 9 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी पाए गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सैलाना पर अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। एएसपी विवेक कुमार एवं एसडीओपी नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सुरक्षा कवच के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए। इसमें एक आरोपी दुकान के भीतर पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में जेवर भरता दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी कर रहा था।

घेराबंदी कर पकड़ा आरोपियों को

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के झकनावदा पहुंची और ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर (25) एवं विकास उर्फ फरीद पिता मोहम्मद हुसैन (30) निवासी झकनावदा जिला झाबुआ बताए। दोनों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया।

ये भी पढ़ें

नाले के बास गड्ढा खोद कर छिपाया था माल

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका, घटना में प्रयुक्त ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर, एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली राउंड बरामद किया। आरोपियों ने चोरी के बाद आभूषणों को करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाना बताया था।

अन्य चोरियों का भी हुआ खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना के कीर्तिविहार, बिलपांक क्षेत्र के हिंगलाज माता मंदिर सहित पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की कई वारदातों में शामिल होना भी स्वीकार किया है। साथ ही मंदसौर जिले के दलौदा और राजस्थान के सांवरिया सेठ क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए अन्य मामलों में भी जांच शुरू कर दी है। 

ये भी पढ़ें

मददगार साबित हो रहे सीसीटीवी कैमरे

एसपी ने बताया रतलाम पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा कवच के माध्यम से जनसहयोग से रतलाम शहर में लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनका फीड सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर लिया गया है। लगभग 260 शासकीय कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने में तो मददगार हैं ही, अपराधियों को धरपकड़ में भी सहायक हो रहे हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, निरीक्षक सुरेंद्रसिंह गडरिया, निरीक्षक अय्युब खान, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, उप निरीक्षक राजा तिवारी (सीसीटीवी प्रभारी), सहायक उप निरीक्षक शंकरसिंह शक्तावत, सिताराम तेनीवार, हितेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, तुषार सिसोदिया, संदीप भदौरिया, दिलीप रावत, आतिश धानक, निरंजन त्रिपाठी, नारायणसिंह जादौन, चालक पप्पू वाघेला, आरक्षक विपुल भावसार, माखनसिंह सुरमा, अवधेश परमार, अभिषेक पाठक, अर्चित दुबे, फकीरचंद सोलंकी, तूफान भूरिया, अर्जुन मकवाना, यशपाल धनगर एवं सीसीटीवी टीम उप निरीक्षक राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक शांतिलाल डिंडोर, आरक्षक पारस चावला व समरथ डुडवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम को पुरुस्कृत करने की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें