सांदीपनि विद्यालय में ऑन जॉब ट्रेनिंग शुरू : 77 विद्यार्थी ले रहे आईटी और ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड का व्यावसायिक प्रशिक्षण

रतलाम के सांदीपनि विद्यालय विनोबा में समग्र शिक्षा अभियान के तहत आईटी और ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड में 20 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है, जिसमें 77 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

May 20, 2026 - 23:05
 0
सांदीपनि विद्यालय में ऑन जॉब ट्रेनिंग शुरू : 77 विद्यार्थी ले रहे आईटी और ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड का व्यावसायिक प्रशिक्षण
सांदीपनी विद्यालय विनोबा में ऑन जॉब ट्रेनिंग लेते विद्यार्थी।

समग्र शिक्षा अभियान के तहत 20 दिवसीय OJT प्रशिक्षण कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मिलेगा शासकीय प्रमाण-पत्र

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंडरी एज्युकेशन) अंतर्गत संचालित नवीन व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत सांदीपनि विद्यालय विनोबा, रतलाम में विद्यार्थियों के लिए 20 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग (OJT) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावसायिक कौशल से जोड़ने की पहल की गई है।

विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोहरा ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अध्ययन कर चुके कुल 77 विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थी प्रतिदिन 4 से 6 घंटे तक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम आईटी (IT) ट्रेड तथा ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड में आयोजित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को संबंधित क्षेत्रों की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण आईटीआई एवं ब्यूटी पार्लर में कराया जा रहा है, ताकि वे वास्तविक कार्य वातावरण में कौशल विकसित कर सकें।

यह प्रशिक्षण व्यावसायिक ट्रेनर जया सोलंकी एवं शिक्षा जगरवार के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक कार्यशैली, स्वरोजगार की संभावनाओं और प्रोफेशनल कार्य संस्कृति की जानकारी दी जा रही है। प्राचार्य वोहरा ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद समग्र शिक्षा सेकेंडरी एज्युकेशन की ओर से सभी विद्यार्थियों को शासकीय प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह प्रमाण-पत्र विद्यार्थियों के स्वरोजगार, रोजगार एवं भविष्य के व्यावसायिक अवसरों में उपयोगी साबित होगा।

प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।