IAS अफसरों पर गिरफ्तारी की तलवार ! MP हाईकोर्ट ने जारी किया विवेक पोरवाल और संदीप जीआर का गिरफ्तारी वारंट, जानिए- पूरा मामला
MP हाईकोर्ट ने अवमानना मामले में IAS विवेक पोरवाल और संदीप जीआर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जानिए पूरा मामला और दोनों अधिकारियों का प्रशासनिक सफर।
एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश कैडर के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों विवेक पोरवाल और संदीप जीआर को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने एक अवमानना मामले में दोनों अधिकारियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए उन्हें 21 सितंबर को कोर्ट में पेश कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की तामीली की जिम्मेदारी भोपाल पुलिस कमिश्नर और सागर एसपी को सौंपी गई है।
मामला किसी आपराधिक घटना का नहीं, बल्कि हाईकोर्ट के पूर्व आदेश पर पालन नहीं किए जाने से जुड़ा है। अदालत के इस रुख के बाद अब दोनों अधिकारियों की अगली कानूनी स्थिति पर निगाहें टिक गई हैं। पूरा विवाद सागर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ सेक्शन ऑफिसर शीला सेन के नियमितीकरण से संबंधित है। हाईकोर्ट ने 19 मार्च 2025 को दोनों अधिकारियों को निर्देश दिया था कि शीला सेन के नियमितीकरण से जुड़े दावे का 90 दिनों के भीतर निराकरण किया जाए।
आरोप है कि निर्धारित अवधि में अदालत के आदेश का अनुपालन नहीं हुआ। इसके बाद मामले में नोटिस भी जारी हुए, लेकिन कोर्ट के समक्ष न तो अधिवक्ता नियुक्त किया गया और न ही आदेश के अनुपालन से संबंधित रिपोर्ट पेश की गई। इसी मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्कालीन प्रमुख सचिव राजस्व विवेक पोरवाल और तत्कालीन सागर कलेक्टर संदीप जीआर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।
ये भी पढ़ें
21 सितंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश
हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच में जस्टिस विवेक जैन की सिंगल बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को अदालत के समक्ष पेश कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और सागर एसपी अनुराग सुजानिया को वारंट की तामीली की जिम्मेदारी दी गई है। अब 21 सितंबर की सुनवाई अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसी दिन दोनों अधिकारियों को अदालत में पेश किया जाना है।
अब आगे क्या?
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि 21 सितंबर को दोनों अधिकारी अदालत में किस स्थिति में पेश होते हैं और मामले में उनका अगला कानूनी कदम क्या रहता है। फिलहाल अदालत के आदेश ने प्रदेश के प्रशासनिक और कानूनी हलकों में इस मामले को चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें
कौन हैं IAS विवेक कुमार पोरवाल?
विवेक कुमार पोरवाल 2000 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में लंबा अनुभव रखने वाले पोरवाल प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे भोपाल में खनिज संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव सहित सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। जिला स्तर पर कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी संभाल चुके पोरवाल के प्रशासनिक करियर में एसडीओ, सीईओ और आयुक्त जैसे पद भी शामिल रहे हैं।
संदीप जीआर का प्रशासनिक सफर
संदीप जीआर 2013 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से कर्नाटक से आने वाले संदीप जीआर वर्तमान में इंदौर में श्रम आयुक्त के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। संदीप जीआर प्रशासनिक स्तर पर सागर और छतरपुर के कलेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनके करीब 13 वर्ष के प्रशासनिक करियर में छतरपुर कलेक्टर के तौर पर उनकी पोस्टिंग प्रमुख रही है।
ये भी पढ़ें









