SP अमित कुमार की दो-टूक ! अपराधियों पर शिकंजा कसें, किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, अब हर मोर्चे पर दिखे परिणाम

रतलाम में एसपी अमित कुमार ने अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। लंबित अपराध, साइबर ठगी, महिला अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, वारंटियों की गिरफ्तारी और सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष फोकस करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य सौंपे गए।

SP अमित कुमार की दो-टूक ! अपराधियों पर शिकंजा कसें, किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, अब हर मोर्चे पर दिखे परिणाम
अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी अमित कुमार ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत।

लंबित अपराधों से लेकर साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी तक हर मोर्चे पर तय किए टारगेट, थाना प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध पर अंकुश हर हाल में दिखना चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर अंकुश लगाएं और जनता के साथ संवाद मजबूत करें। एसपी अमित कुमार ने अधीनस्थ अमले को यह हिदायत जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों दिए।

एसपी शुक्रवार को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया गया कि लंबित मामलों में ढिलाई, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में सुस्ती और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही अब स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य सौंपे गए और परिणाम देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पिछली अपराध समीक्षा के निर्देशों के पालन की स्थिति का बिंदुवार परीक्षण भी किया। सभी थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर अपराधों की विवेचना, लंबित अपराध, लंबित मर्ग और अपहृत नाबालिग बालिकाओं की दस्तियाबी की समीक्षा हुई। एसपी ने जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों में वृद्धि दर्ज की गई, वहां कारण पूछे और सुधार की ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल अमल करने की ताकीद की।

ये भी पढ़ें

इन मामलों की रही सबसे ज्यादा समीक्षा

बैठक में गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध, लंबित एवं चिह्नित प्रकरण, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के विरुद्ध अभियान, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम एवं अपहृत नाबालिगों की दस्तियाबी तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की गई।

आगामी दिनों में चलाए जाने वाले अभियानों और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों को क्षेत्रवार लक्ष्य सौंपे गए तथा उनकी जवाबदेही भी तय की गई।

स्पष्ट आदेश, अब हर मोर्चे पर चाहिए परिणाम

  • लंबित अपराधों के निपटारे के लिए तत्काल विशेष टीमें गठित करें और तय समय-सीमा में परिणाम दें।
  • साइबर ठगी के हर मामले में तुरंत कार्रवाई करें, ठगी गई राशि तत्काल होल्ड कराएं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित सेमिनार आयोजित करें।
  • महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में बिना देरी वैधानिक कार्रवाई करें और जागरूकता अभियान तेज करें।
  • मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर लगातार अभियान चलाकर तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
  • सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों का समय पर संतोषजनक निराकरण करें।
  • फरार और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिकतम गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
  • आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखें तथा कठोर वैधानिक कार्रवाई करें।
  • सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करें। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में जनसंवाद कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करें।

ये भी पढ़ें

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर, डीएसपी आजाक अजय सारवान, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, डीएसपी अनीशा जैन सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा एसपी कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।