विधायक काश्यप की पहल : थैलेसिमिया पीड़ितों व परिजन को गर्मी में नहीं होगी खून के लिए परेशानी, प्लाज्मा के लिए अहमदाबाद की कंपनी से अनुबंध

थैलेसिमिया पीड़ितों और उनके परिजन को ग्रीष्म ऋतु में खून के लिए परेशान होना पड़ता है। यह समस्या मेडिकल कॉलेज एथिकल कमेटी के सदस्य व समाजसेवी गोविंद काकानी द्वारा बताए जाने पर विधायक चेतन्य काश्यप ने तत्काल समाधान कर दिया। अब मरीजों और परिजन को परेशान नहीं होना पड़ेगा।

Apr 2, 2022 - 01:04
 0
विधायक काश्यप की पहल : थैलेसिमिया पीड़ितों व परिजन को गर्मी में नहीं होगी खून के लिए परेशानी, प्लाज्मा के लिए अहमदाबाद की कंपनी से अनुबंध
विधायक चेतन्य काश्यप से थैलेसिमिया पीड़ितों की समस्या को लेकर चर्चा करते समाजसेवी गोविंद काकानी।

मेडिकल कॉलेज एथिकल कमेटी के सदस्य व समाजसेवी गोविंद काकानी ने बताई परेशानी, विधायक ने कर दिया समाधान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । थैलेसिमिया पीड़ित व उनके परिजन को खून संबंधी आवश्यकताओं के लिए जिला चिकित्सालय एवं बाल चिकित्सालय के बीच चक्कर लगाने की समस्या का सामना अब नहीं करना पड़ेगा। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में अधिकता के कारण प्लाज्मा के खराब होने की समस्या भी नहीं होगी। विधायक चेतन्य काश्यप के निर्देश पर बाल चिकित्सालय में थैलेसिमिया पीड़ितों के लिए मांग पत्र के फार्म एवं नमूना किट रखवाए गए हैं। प्लाज्मा के उपयोग हेतु अहमदाबाद की कंपनी से अनुबंध भी किया गया है।

विधायक काश्यप को मेडिकल कॉलेज एथिकल कमेटी के सदस्य व समाजसेवी गोविंद काकानी ने गर्मी के दौरान थैलेसिमिया पीड़ितों के उपचार में आ रही परेशानी से अवगत करवाया। काश्यप ने इस पर अस्पताल प्रशासन को बाल चिकित्सालय में थैलेसिमिया पीड़ितों हेतु खून की नमूना किट एवं मांग पत्र के आवेदन रखने के निर्देश दिए। इससे मरीज एवं उनके परिजन को परेशानी नहीं होगी।

अधिक प्लाज्मा एकत्र होने पर अहमदाबाद भेजा जाएगा

काकानी ने जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में क्षमता से अधिक प्लाज्मा इकट्ठा होने की भी जानकारी दी। इस पर काश्यप, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर एवं प्रदेश शासन के संयुक्त प्रयासों से डी-फ्रीजर में एकत्र होने वाले प्लाज्मा को अहमदाबाद की कंपनी के पास भेजने का अनुबंध किया गया। कंपनी अनुबंध अनुसार प्लाज्मा प्राप्त कर उसकी राशि सीधे रक्तधान परिषद् भोपाल को जमा करेगी। परिषद् द्वारा इस राशि का उपयोग ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाता है।

बोनमेरो ट्रांसप्लांट कार्यशाला की दी जानकारी

रतलाम विधायक काश्यप ने चर्चा के दौरान काकानी से मेडिकल कॉलेज में पिछले दिनों हुई बोनमेरो ट्रांसप्लांट कार्यशाला की जानकारी ली और जल्द ही रतलाम में इस सुविधा की स्वीकृति कराने हेतु पहल करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग प्रदेश के भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा मेडिकल कॉलेज में स्टेम सेल थैरेपी आधारित बोनमेरो ट्रांसप्लांट एवं पीडियाट्रिक कैंसर यूनिट स्थापित करने की घोषणा कर चुका है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।