पुलिस को बदमाशों की बड़ी चुनौती: देर रात टीआई के वाहन को टक्कर मारकर हो गए फरार, देखें वीडियो...

रतलाम पुलिस को बीती रात कुछ बदमाशों ने बड़ी चुनौती दी। बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

Feb 20, 2023 - 17:55
Feb 20, 2023 - 17:59
 0
पुलिस को बदमाशों की बड़ी चुनौती: देर रात टीआई के वाहन को टक्कर मारकर हो गए फरार, देखें वीडियो...
एसपी अभिषेक तिवारी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मप्र के रतलाम जिले में रविवार रात को बदमाशों ने पुलिस को जमकर छकाया। पुलिस ने पीछा किया लेकिन बदमाश औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा के वाहन को टक्कर मारकर रफूचक्कर हो गए।

सूत्रों के अनुसार फिल्म स्टाइल में हुई इस घटना के दौरान फायरिंग भी हुई लेकिन पुलिस ने इसे अफवाह बताया है।  एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया रात्रि गश्त के दौरान रात करीब 3.00 बजे नामली की ओर से कुछ संदिग्ध वाहनों के रतलाम तरफ आने का पाइंट मिला था। जानकारी मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सहित अमला हरकत में आया और वाहनों का पीछा किया। वाहनों की संख्या करीब पांच से छह थी।

एसपी ने बताया पीछा करने के दौरान एक वाहन टीआई के वाहन से टकरा गया जिससे उसका टायर बर्स्ट हो गया। इससे पुलिस आगे पीछा नहीं कर पाई और बदमाश वाहन भगा ले गए। एसपी के अनुसार पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसमें शराब माफिया, तस्कर, गो-तस्कर आदि शामिल हैं। कुछ सुराग मिले हैं जिसके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।