रतलाम के धामनोद में हादसा, पानी भरने के दौरान बिगड़ गया 40 वर्षीय महिला का संतुलन, कुएं में गिरने से हो गई मौत

जिले के धामनोद में एक महिला की कुएं में डूबने से मौत हो गई। महिला की उम्र 40 वर्ष थी। हादसा कुएं से पानी भरने के दौरान हुआ।

Sep 18, 2022 - 21:40
 0
रतलाम के धामनोद में हादसा,  पानी भरने के दौरान बिगड़ गया 40 वर्षीय महिला का संतुलन, कुएं में गिरने से हो गई मौत
अनुसूईया पाटीदार जिनकी कुएं में डूबने से मौत हो गई।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । धामनोद निवासी 40 वर्षीय अनुसूईया पति रमेश बावड़ीवाले (पाटीदार) की रविवार को कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसा पानी भरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार अनुसूईया पाटीदार नगर से 4 किलोमीटर दूर खेड़ी स्थित अपने खेत पर काम कर रहीं थी। वे कुएं में पानी भरने गई थीं तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे कुएं में जा गिरीं। ग्रामीणों ने उन्हें कुएं से निकालकर सैलाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। धामनोद पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा और पूछताछ कर जांच में जुटी। अनुसूईया के 2 पुत्र अभिषेक ओर पीयूष हैं, दोनों पढ़ाई करते हैं। अंतिम यात्रा शाम 4 बजे निकली। मुक्तिधाम पर दोनों पुत्रों ने मुखाग्नि दी व नगरवासियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।