प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कीं, दिव्यांगजन कोई भी ऊंचाई हासिल कर सकते हैं- चेतन्य काश्यप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से रतलाम जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान शुरू हुआ। इसके तहत 75 दिव्यांगों को सहायक उपकरणों वितरण व अन्य हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित किया गया। 

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कीं, दिव्यांगजन कोई भी ऊंचाई हासिल कर सकते हैं- चेतन्य काश्यप
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित शिविर को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन परमुख्यमंत्री जन सेवा अभियान शुरू,  75 दिव्यांगों को 104 सहायक उपकरण प्रदान किए

एसीएन टाइम्स @ रतलाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की जा रही हैं। रोजगार विकास से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दिव्यांगजनों द्वारा जीवन क्षेत्र में सभी कार्य किए जाते हैं। दिव्यांगों द्वारा कई ऐतिहासिक कार्य किए जाकर मिसाल कायम की गई है, दिव्यांग कोई भी ऊंचाई हासिल कर सकते हैं।

यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के रंगोली सभागृह में आयोजित शुभारम्भ समारोह में कही। आयोजन जिला प्रशासन व सामाजिक न्याय विभाग द्वारा किया गया था। शिविर के अतिथियों में विधायक काश्यप के अलावा रतलाम-झाबुआ सांसद, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी आदि थे। विधायक काश्यप ने बताया कि दिव्यांगों को जो भी आवश्यकता है उसकी पूर्ति की जा रही है। रतलाम शहर में पूर्व में भी दिव्यांगों की सहायता के लिए शिविर आयोजित किए गए हैं जिनमें विधायक निधि से भी सहयोग राशि उपलब्ध कराई जाकर दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध कराई गई हैं।

सहायक अंग उपकरणों से दिव्यांगों का जीवन आसान होगा- मकवाना

विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि शासन की योजनाओं द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए उपलब्ध कराए जा रहे सहायक अंग उपकरणों से उनका जीवन आसान होता है। मकवाना ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों का भी जिक्र किया। केंद्र तथा राज्य शासन द्वारा दिव्यांग कल्याण के लिए संचालित योजनाओं पर प्रकाश रतलाम-झाबुआ सांसद ने डाला। कहा कि अभियान में 33 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि हमारा देश विश्व की सबसे मजबूत आर्थिक शक्ति बने, इसके लिए सभी वर्गों को सशक्त किया जा रहा है। 

75 दिव्यांगों को 104 सहायक अंग उपकरणों का हुआ वितरण

शिविर में 75 दिव्यांगों को 104 सहायक अंग उपकरणों का वितरण किया गया। भारत शासन की एडीप योजना के अंतर्गत एलिम्को के सहयोग से आयोजित उक्त शिविर में दिव्यांगों का परीक्षण भी किया गया। विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। इनमें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत दो हितग्राहियों को 40 लाख रुपए की ऋण सहायता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दो स्वयं सहायता समूहों को 3 लाख 86 हजार रुपए का क्रेडिट लिंकेज, उज्जवला योजना में दो हितग्राहियों को रसोई गैस उपलब्ध कराई गई। इसी तरह संबल योजना में दो हितग्राहियों को संबल कार्ड, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में दो हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपए की ऋण सहायता, स्वच्छ भारत मिशन में दो हितग्राहियों को 12-12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में एक हितग्राही को 9 लॉख रुपए की वित्तीय सहायता, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में दो हितग्राहियों को आर्थिक सहायता तथा लाडली लक्ष्मी योजना एवं मातृ वंदना योजना में भी हितग्राही लाभान्वित किए गए। 

ये रहे मौजूद

जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई, निगमायुक्त अभिषेक गहलोत, उप संचालक सामाजिक न्याय संध्या शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला आपूर्ति अधिकारी एस. एच. चौधरी, महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा, परियोजना अधिकारी चेतना गहलोत, एनआरएलएम जिला प्रबंधक हिमांशु शुक्ला आदि उपस्थित थे।  प्रारंभ में आनंद कातरकर ने शिविर आयोजन की रूपरेखा बताई। संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।