चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 के मुकाबलों में बड़ा फेरबदल, दूसरे दौर में आशुतोष ने रतलाम किंग्स को 83 रनों से दी शिकस्त

विधायक क्रिकेट महोत्सव के अंतिम दौर के मुकाबले देखते ही बनते हैं। शुक्रवार हुए मुकाबले काफी उलट-फेर वाले रहे।

May 3, 2023 - 00:42
May 20, 2023 - 23:53
 0
चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 के मुकाबलों में बड़ा फेरबदल, दूसरे दौर में आशुतोष ने रतलाम किंग्स को 83 रनों से दी शिकस्त
(चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023)

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 में दूसरे चरण के मुकाबले भी अंतिम चरण में पहुंचने लगे हैं। दूधिया रोशनी में आयोजित रात्रिकालीन मुकाबलों को देखने के लिए हर दिन खेल प्रेमियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव के माध्मय से लोग घर पर भी मुकाबले देख पा रहे हैं। दूसरे दौर के मुकाबलों में बड़े उलट-फेर देखने को मिल रहे हैं।

मैदान पर पहला मैच आशुतोष और रतलाम किंग्स इलेवन के बीच खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आशुतोष ने निर्धारित ओवर में 2 विकेट खोकर 131 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में मैदान पर उतरी किंग्स इलेवन के हौंसले पहले ओवर में ही पस्त नजर आने लगे थे। लक्ष्य हासिल करने के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के चक्कर में एक के बाद एक करके महज 47 रन पर ही आठ विकेट गवां दिए। आशुतोष ने यह मुकाबला 83 रन से जीत लिया।

मैदान पर दूसरा मुकाबला जांबाज और हिमालया के बीच खेला गया। इस मैच में जॉबाज की टीम ने तय ओवरों में 8 विकेट खोकर 77 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमालया की टीम 9 विकेट गवाने के बाद महज 29 रन ही बना सकी। जांबाज ने यह मुकाबला 46 रन से जीत लिया और अगले दौर में प्रवेश किया।

स्टेडियम में चल रहे रात्रिकालीन इन मुकाबलों में अतिथियों के रूप में भाजपा आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक सोमेश पालीवाल, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी, शैलेष आदि मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त समिति सदस्य अनुज शर्मा, नीलेश पटेल सहित कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।