गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की नगर महिला सभा ने किया महिलाओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं

रतलाम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर महिला सभा ने अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती समारोह में समाज की प्रतिभावान महिलाओं को सम्मानित किया।

गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की नगर महिला सभा ने किया महिलाओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं
गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वेशभूषा में शामिल महिला सदस्य।

 एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर महिला सभा ने कस्तूरबा नगर स्थित सुमंगल गार्डन में अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती का पर्व धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर समाज की महिलाओं सम्मानित किया गया। भारतीय संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिला नगरसभा की सदस्यों ने महिला आदर्श स्वरूप में सुंदर प्रस्तुति भी दी। समाज के निर्माणाधीन मंदिर में सहयोग राशि देने वाले परिवार की महिला सदस्यों का भी सम्मान किया। 

नगर अध्यक्ष सविता तिवारी ने बताया कि महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्य लेखिका 82 वर्षीय विद्यादेवी व्यास को उनके स्वलिखित प्रकाशित रचना संकलन पुस्तक "गुलदस्ता" के लिए, डॉ. सुलोचना शर्मा को राष्ट्रीय स्काउट और गाइड की राष्ट्रीय कमिश्नर बुलबुल चयनित होने। सुशीला व्यास को संगीत के क्षेत्र में विशेष दक्षता मिलने, निर्मला उपाध्याय को भारत शासन के केंद्रीय संस्कृत विद्यालय से लगभग 75 वर्ष की आयु में संस्कृत भाषा में दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने, पुष्पलता शर्मा को विभिन्न अखिल भारतीय संस्थाओं में स्वरचित रचना पाठ और संकलन पुस्तक (मेरी रचना) के लिए, सविता तिवारी को धार्मिक रीति-रिवाजों और उपयोगी जानकारी व धार्मिक गीतों से सजी संकलन "हिंदुओं के प्रमुख व्रत और त्योहार” के लिए तथा डॉ. शोभना तिवारी को डॉ. शिवमंगल सिंह सुमन् स्मृति संस्थान की स्थापना कर 10 वर्ष से संचालन हेतु दिया गया।

इनके अलावा महिला एवं बाल विकास जिला परियोजना की नगर पर्यवेक्षक ममता तिवारी को बाल सेवा योजना में सक्रिय भूमिका, श्वेता पंड्या को बाल कल्याण समिति की सदस्यता और जिलाधीश द्वारा प्रशस्ति-पत्र मिलने, जया शर्मा को देहदान के संकल्प के लिए, सनातन धर्म दीनदयाल मंडल अध्यक्ष राखी व्यास को हिंदू जागृति बढ़ाने और धर्म के प्रचार प्रसार के लिए सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली अन्य महिलाओं में मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त कोरोना वारियर 18 वर्षीय रिदम अनामिका उपाध्याय को राहत कार्य में समर्पण के लिए, पार्षद देवश्री पुरोहित को सामाजिक कार्य, रश्मि व्यास को भारतीय स्त्री शक्ति संस्था मुंबई की स्मारिका "स्वयंसिद्धा"और आजादी के अमृत महोत्सव में 80 वर्ष से ऊपर की महिलाओं के साक्षात्कार से सजी पुस्तक "स्वतंत्र भोर की अनुपम अनुभूति में रचना प्रकाशन और संपादन टीम में कार्य हेतु" महिला सभा की ओर से माला और स्मृति चिह्न भेंट कर विशेष सम्मानित किया गया।

महिला सभा की वरिष्ठ सदस्य शैला बटवाल के मार्गदर्शन में हुए आयोजन में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मंजुला व्यास और कोषाध्यक्ष सुनंदा पंडित का विशेष सहयोग रहा। संचालन नीलू उपाध्याय ने किया। आभार प्रदर्शन नगर सभा अध्यक्ष सविता तिवारी ने किया। बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।