कलेक्टर एवं निगम प्रशासक सूर्यवंशी ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, 19.33 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए

रतलाम में जारी विकास कार्यों का जायजा गुरुवार को कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक नरेंद्र सूर्यवंशी ने लिया। इस दौरान उन्होंने काम में गति लाने के निर्देश देने के साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए राशि भी स्वीकृत की।

कलेक्टर एवं निगम प्रशासक सूर्यवंशी ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, 19.33 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए
विकास कार्य का निरीक्षण करने के दौरान लोगों से चर्चा करते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कलेक्टर एवं निगम प्रशासक नरेंद्र सूर्यवंशी ने निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया व निगम इंजीनियरों के साथ शहर में निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तीव्र गति से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कार्यों के लिए 19.33 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी प्रदान की।

कलेक्टर एवं निगम प्रशासक सूर्यवंशी ने निगम आयुक्त झारिया के साथ नगर विकास हेतु निर्मित की जा रही सड़कों का अवलोकन किया। सर्वप्रथम कलेक्टर हजीरा पुलिया से शेरानीपुरा जमातखाना तक बन रही सीमेन्ट-कांक्रीट सड़क का अवलोकन करने पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क चौड़ी करने के लिए अतिरिक्त प्राक्कलन तैयार करने, विद्युत पोल शिफ्ट करने एवं क्षेत्र में साफ-सफाई का विषेश ध्यान रखने के निर्देश दिए। दूसरा पड़ाव नगर निगम कार्यालय के सामने महात्मा गांधी उद्यान रहा। यहां निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उसे अधिक सुंदर स्वरूप देने तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई, आवश्यक स्थानों पर रंग-रोगन व उद्यान के गेट को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।

निगम तिराहे से पैलेस रोड तक बन रही 2.43 करोड़ से फोरलेन

नगर निगम तिराहे से पैलेस रोड तक 2.43 करोड़ लागत की 4 लेन सड़क और पुल का निरीक्षण सड़क पुल का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौमुखी पुल क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर नागरिकों की मांग पर नाले-नालियों का निरीक्षण करते हुए निगम के इंजीनियर को निर्देशित किया कि नालियों की सफाई व्यवस्थित रूप से करवाएं। अंदर की गाद निकलवाई जाए। उसके बाद आरसीसी स्लैब का कार्य किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने चौमुखी पुल से घास बाजार तक सड़क चौड़ीकरण का निरीक्षण किया।

दो माह में पुलिया निर्माण पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर सूर्यवंशी ने विनोबानगर में पेयजल टंकी से जवाहर नगर मुक्तिधाम तक 1.34 करोड़ लागत की निर्माणाधीन सड़क के निरीक्षण के दौरान पुलिया निर्माण का कार्य 2 माह में पूरा करने के निर्देश संबंधित को दिए। उन्होंने नगर के विभिन्न स्थानों पर नजर आए अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विकास सोलंकी, कार्यपालन यंत्री सुरेशचन्द्र व्यास, जी. के. जायसवाल, सहायक यंत्री श्याम सोनी, उपयंत्री राजेन्द्र मिश्रा, अनवर कुरैशी, राजेश पाटीदार, मनीष तिवारी, ब्रजेश कुशवाह, दीक्षा निजामपुरकर, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह आदि उपस्थित थे।

किस कार्य के लिए कितने रुपए की मिली स्वीकृति

  • तीन प्रमुख चौराहों पर आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना के लिए 61.38 लाख रुपए।
  • शास्त्री नगर मेन रोड पर फोरलेन निर्माण के लिए रुपए 350 लाख रुपए।
  • अम्बे माता जवाहर नगर से लक्ष्मणपुरा तक 2 लेन सड़क निर्माण के लिए 780 लाख रुपए।
  • नगर के विभिन्न वार्डों में 47 सड़कों के निर्माण के लिए 550 लाख रुपए।
  • त्रिवेणी मुक्तिधाम क्षेत्र की नई सब्जी मंडी के निर्माण हेतु 61. 65 लाख रुपए।
  • विनोबा नगर क्षेत्र की नई सब्जी मंडी निर्माण के लिए 64 लाख रुपए।
  • छतरीपुल पर नई सब्जी मंडी निर्माण के लिए रुपए 66. 11 लाख रुपए।