रतलाम से देश-प्रदेश व भाजपा को बहुत कुछ दिया लेकिन उन्होंने इसे कुछ नहीं दिया, मुख्यमंत्री के पास टेलीविजन है व कांग्रेस के पास विजन- कमलनाथ

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ महापौर प्रत्याशी मयंक जाट और पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने रतलाम आए। उन्होंने बुद्धिजीवियों से शहर विकास को लेकर चर्चा की तो रोड शो के माध्यम से मतदाताओं से समर्थन मांगा। कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।

रतलाम से देश-प्रदेश व भाजपा को बहुत कुछ दिया लेकिन उन्होंने इसे कुछ नहीं दिया, मुख्यमंत्री के पास टेलीविजन है व कांग्रेस के पास विजन- कमलनाथ
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ। साथ हैं महापौर प्रत्याशी मयंक जाट एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया।

कांग्रेस महापौर प्रत्याशी मयंक जाट व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो व कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के दौरान पात्रकारों से पूर्व सीएम ने कहा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम शहर ने प्रधानमंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री, विधायक और महापौर भाजपा को बहुत कुछ दिया है लेकिन इन्होंने रतलाम को कुछ नहीं दिया। 5 इंजिन की सरकार होने के बावजूद रतलाम का विकास नहीं हो पाया क्योंकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास विजन ही नहीं है। वह केवल टेलीविजन के माध्यम से विकास करना चाहते हैं, जो संभव नहीं है। कांग्रेस के पास विजन मप्र के मुख्यमंत्री जब नेकर पहनते थे, तब मैं सांसद बन गया था। भाजपा महापौर प्रत्याशी द्वारा धमकाना मतदाताओं का अपमान है।

यह बात मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यहां पत्रकार वार्ता में कही। वे कांग्रेस महापौर प्रत्याशी मयंक जाट के समर्थन में आयोजित रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने आए थे। कमलनाथ ने कहा शहर विकास के लिए आर्थिक गतिविधि जरूरी है लेकिन प्रदेश में इसका अभाव है। रतलाम में बड़े उद्योगों में से तीन को छोड़कर अन्य सभी बंद हो गए। भाजपा सरकार का विश्वास कम हो रहा है। प्राकृतिक संसाधनों का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। केवल और केवल भ्रष्टाचार की व्यवस्था बना रखी है। माफिया व मिलावट ही इनकी पहचान बन गई है जबकि हमने इन्हें खत्म करने के लिए शुद्ध के लिए युद्ध शुरू किया था। विकास और रोजगार तब मिलता है जब निवेश बढ़े लेकिन मप्र में पूंजी लगाने से उद्योगपति कतराते हैं। रोजगार के भाव में ही लोग रतलाम से पलायन कर रहे हैं।

सलाहकार मंडल का गठन कर किया जाएगा शहर विकास

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा मेरा रतलाम गहरा नाता है। मैं उस समय से रतलाम से जुड़ा हुआ हूं जब यहां से हमें ट्रेन बदलना पड़ती थी क्योंकि यह रेलवे का बड़ जंक्शन है। विकास के नाम पर यहां कुछ नहीं हुआ। रतलाम में कांग्रेस का महापौर बनने के बाद हम सलाहकार मंडल बनाएंगे। इसकी हर 4-5 सप्ताह में बैठक होगी। सलाहकार मंडल में डॉक्टर, वकील, व्यापारी, उद्योगपति सहित हर प्रोफेशन के लोग और पत्रकार भी शामिल होंगे। ये सभी रतलाम के विकास का नक्शा बनाएंगे। उनकी सलाह पर काम होगा। 17 साल की सरकार में भाजपा में रतलाम के लिए कुछ नहीं किया। हम नगर निगम के कर्मचारियों का निःशुल्क बीमा करवाएंगे और उन्हें नियमित करेंगे।

प्रदेश में सिर्फ पुलिस, प्रशासन और पैसे का ही बोलबाला, झूठ बोलने में विश्वकप ले लिया

मौजूदा सरकार में हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। पुलिस, प्रशासन और पैसे का बोलबाला है। भारत ही विश्व में ऐसा देश जहां इतनी जातियां, धर्म, समाज और संस्कृतियां हैं। हमारी हमारी संस्कृति सभी को चलने की है। प्रदेश नहीं है, लेकिन भाजपा इस की कद्र नहीं कर रही है। पीएम आवास में कांग्रेस का झंडा लगने पर भाजपा के महापौर प्रत्याशी का नाराज होना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलने के अलावा और काम नहीं करते। उनका आधा भाषण तो मुझ पर ही होता है। वे काम नहीं करते, नौटंकी ही होती है।

मुख्यमंत्री ने झूठ बोलने में विश्वकप हासिल कर लिया है। मैं घोषणाएं नहीं करता, काम करने में यकीन रखता हूं। शिवराज सिंह चौहान होते तो कहते प्रदेश की 16 नगर निगम में से 17 पर भाजपा जीतेगी। पत्रकार वार्ता में महापौर प्रत्याशी मयंक जाट, जिला कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक हर्षविजय गहलोत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, विधायक कांतिलाल भूरिया, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया आदि मौजूद रहे।