मंदिर से बजरंग बली की मूर्ति गायब, खंडित कर बावड़ी में फेंकने की आशंका, हिंदू संगठनों ने जताया आक्रोश
रतलाम में गंगा झरिया महादेव मंदिर से बजरंग बली की मूर्ति गायब होने से आक्रोश फैल गया। बावड़ी में मूर्ति फेंके जाने की आशंका पर पुलिस ने जांच शुरू की।
ग्रीन सिटी के पास गंगा झरिया महादेव मंदिर परिसर की घटना
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । माणक चौक थाना क्षेत्र के अशोक नगर के पीछे स्थित ग्रीन सिटी के पास गंगा झरिया महादेव मंदिर परिसर से बजरंग बली की मूर्ति खंडित कर गायब किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्रीय निवासियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के अनुसार, दो दिन पूर्व तक बजरंग बली की मूर्ति मंदिर में अपने स्थान पर विराजित थी। अज जब श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे तो मूर्ति अपने स्थान पर नहीं मिली। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को खंडित किया है। मंदिर से कुछ दूरी तक रास्ते में सिंदूर बिखरा हुआ मिला, मंदिर की ध्वजा भी कुछ दूरी पर नीचे गिरी मिली। लोगों ने मूर्ति को खंडित कर मंदिर परिसर में स्थित बावड़ी में फेंके जाने की आशंका जताई है।
ये भी पढ़ें
चहारदीवारी बनाने और नई मूर्ति स्थापित करने की मांग
घटना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मंदिर परिसर के आसपास तत्काल बाउंड्रीवाल (चहारदीवारी) का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि चहारदीवारी बनने से असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मूर्ति को जल्द तलाशकर पूरे सम्मान के साथ नई मूर्ति स्थापित की जाए। साथ ही घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान और तहसीलदार आशीष उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच गए थे। अधिकारियों ने मौके मुआयना किया और जांच शुरू की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें







