ये कैसी स्वेच्छाचारिता ! सीएम हेल्पलाइन व विभागीय समीक्षा बैठक में नहीं पहुंचे आबकारी, खेल और पेंशन अधिकारी, कलेक्टर बोले- तीनों को नोटिस जारी करो

रतलाम में कलेक्टर की समीक्षा बैठक से तीन अधिकारी गायब मिले। कलेक्टर ने तत्काल कारण बताओ नोटिस के निर्देश दिए।

ये कैसी स्वेच्छाचारिता ! सीएम हेल्पलाइन व विभागीय समीक्षा बैठक में नहीं पहुंचे आबकारी, खेल और पेंशन अधिकारी, कलेक्टर बोले- तीनों को नोटिस जारी करो
विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से जवाब तलब करते कलेक्टर अजय कटेसरिया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के कुछ सरकारी महकमे में अफसरों की स्वेच्छाचारिता कुछ ज्यादा ही हावी दिखाई देती है। आलम यह है कि सीएम हेल्पलाइन और विभागीय समीक्षा बैठकों तक में ये अफसर उपस्थित रहना जरूरी नहीं समझते। कलेक्टर अजय कटेरिया ने ऐसे तीन अफसरों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन की साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्टर कटेसरिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें खेल अधिकारी, आबकारी अधिकारी और पेंशन अधिकारी उपस्थित नहीं हुए। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों अनुपस्थित अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए दिए हैं।

कलेक्टर ने साफ कहा कि विभागीय कामकाज की समीक्षा और आमजन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के साथ ही जनता से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। बता दें कि, आबाकारी और नारकोटिक्स संबंधी कार्रवाई की समीक्षा को लेकर पिछले दिनो आयोजित बैठक के दौरान कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।

सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर हर शनिवार लगेगी क्लास

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा के दौरान भी कलेक्टर का रुख सख्त रहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को महज निपटाने के बजाय उनका गंभीरता से परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण और समय-सीमा में निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन विभागों की शिकायत निराकरण में परफॉर्मेंस खराब रहेगी, उनकी हर शनिवार दोपहर 2.00 बजे से विशेष समीक्षा बैठक होगी। इसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एसडीएम और तहसीलदार भी मौजूद रहेंगे। उनके स्तर पर लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी।

ये भी पढ़ें

राशन वितरण पर भी मांगी हर महीने रिपोर्ट

बैठक में राशन के उठाव और वितरण को लेकर भी जिला आपूर्ति अधिकारी को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि हर महीने आवंटित राशन का समय पर उठाव हो और पात्र हितग्राहियों को उसका वितरण सुनिश्चित किया जाए। राशन की वास्तविक स्थिति सामने रखने के लिए हर महीने एक स्लाइड के माध्यम से कुल आवंटन, उठाव और वितरण की मात्रा स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राशन के उठाव की जानकारी भी हर महीने नियमित रूप से भेजने को कहा गया।

कलेक्टर ने विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें