बस में सराफा व्यापारी से लूट मामले में फरार 8वां आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों को दी थी पनाह, 80 लाख के जेवर बरामद

रतलाम में सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट के मामले में फरार आरोपी गौरव गुर्जर गिरफ्तार। पुलिस ने 502 ग्राम सोने और 1.270 किलो चांदी के जेवरात, करीब 80 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया।

बस में सराफा व्यापारी से लूट मामले में फरार 8वां आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों को दी थी पनाह, 80 लाख के जेवर बरामद
बिलपांक पुलिस ने बस में सराफा व्यापारी से हुई लूट के मामले में 8वें आरोपी गौरव गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनसेट : गौरव गुर्जर।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपए की लूट के मामले में रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी गौरव पिता भागीरथ गुर्जर, निवासी हरसोला, इंदौर को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों को पनाह देने वाले गुर्जर के कब्जे और निशानदेही पर करीब 80 लाख रुपए कीमत के जेवर बरामद किए हैं।

घटना 13 अगस्त 2026 की रात की है। रतलाम के जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित पिता ललित कुमार चौरड़िया बड़नगर में व्यापारिक काम पूरा करने के बाद बस से रतलाम लौट रहे थे। रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में आरोपियों ने बस में व्यापारी के साथ मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। शिकायत पर बिलपांक थाने में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर डकैती और आपराधिक षड्यंत्र की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

ये भी पढ़ें

300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

करोड़ों की लूट की वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक विभिन्न मार्गों पर लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी पुलिसिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। मामले में पूर्व में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इनके कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के 238 नग जेवरात तथा 4.047 किलोग्राम चांदी के 183 नग जेवरात, डिब्बों सहित बरामद किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें

502 ग्राम सोने और 1 किलो 270 चांदी के जेवर बरामद

लूट के आरोपियों का पनाह देने वाला आरोपी गौरव पिता भागीरथ गुर्जर, निवासी हरसोला, इंदौर वारदात के बाद से फरार था। गौरव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने इसे भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर उसके हिस्से आए करीब 80 लाख रुपए के आभूषण भी बरामद हुए हैं। इनमें 502 ग्राम सोने और 1.270 किलो चांदी के जेवल शामिल हैं। पुलिस आरोपी से लूट की वारदात में उसकी भूमिका, अन्य संलिप्तता और शेष लूटे गए मशरूके के संबंध में पूछताछ कर रही है। बता दें कि वारदात का मास्टर माइंड व्यापारी का पूर्व कर्मचारी ही था।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए मशरूके की बरामदगी में निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), प्रधान आरक्षक राहुल जाट, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र चावड़ा, प्रधान आरक्षक नीलेश पाठक, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, आरक्षक संजय सोनी, आरक्षक रोशन राठौर और आरक्षक माखन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़ें