रतलाम इंदौर न बन जाए; इसलिए- पानी साफ करने के लिए पार्षद ने बांटी फिटकरी, कलेक्टर ने जारी कर दिया हेल्पलाइन नंबर

रतलाम में दूषित पेयजल से बचने के लिए वार्ड 26 की पार्षद ने लोगों को फिटकरी बांटी। वहीं मंत्री चेतन्य काश्यप के निर्देश पर कलेक्टर मिशा सिंह ने दूषिद पेयजल की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

Jan 3, 2026 - 21:27
Jan 3, 2026 - 22:59
 0
रतलाम इंदौर न बन जाए; इसलिए- पानी साफ करने के लिए पार्षद ने बांटी फिटकरी, कलेक्टर ने जारी कर दिया हेल्पलाइन नंबर
रतलाम में गंदे पानी की समस्या से ऐसे पाएं निजात।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों ने रतलामवासियों को भी डरा दिया है। रतलाम में ऐसी घटना न हो इसलिए एक वार्ड के पार्षद ने अपने वार्ड के नागरिकों को फिटकरी बांटी है। पार्षद ने उन्हें फिटकरी से पानी साफ करने की प्रक्रिया भी बताई है। इधर, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के निर्देश पर कलेक्टर मिशा सिंह ने गंदे और दूषित पेयजल की शिकायत करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर ही जारी कर दिया है।

रतलाम शहर के वार्ड क्रमांक 26 के रहवासी लंबे समय से गंदे और दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इसे देखते हुए पार्षद उमा रामचंद्र डोई (गुर्जर) ने पानी शुद्ध करने के लिए अपने वार्ड में घर-घर जाकर लोगों को फिटकरी बांटी। फिटकरी बांटने के दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर पारस सकलेचा भी मौजूद रहे। बता दें कि, वार्ड के रत्नेश्वर रोड क्षेत्र में नलों से गंदा पानी वितरित होने से लोगों में बीमारी हो रही हैं। इस समस्या को लेकर पार्षद उमा डोई नगर निगम आयुक्त के चैंबर के बहार धरना-प्रदर्शन भी कर चुकी हैं।

हर जगह से मिले आश्वासन, कार्रवाई कुछ नहीं हुई

धरना-प्रदर्शन के दौरान निगम उपायुक्त ने ज्ञापन लेकर जांच करवाकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था लेकिन 12 महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। निगम की जनसुनवाई में दिया आवेदन भी फाइलों में दफन हो गया। करीब 3 सप्ताह पूर्व कलेक्टर कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई में रहवासियों ने नलों से सप्लाई गंदे पानी की बोतल लेकर एडीएन शालिनी श्रीवास्तव से मिले थे। तब एसडीएम को जांच के लिए नियुक्त किया था लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते ही पार्षद ने लोगों को फिटकरी बांटना उचित समझा ताकि वे उसकी मदद से पानी को कुछ हद तक शुद्ध कर लें और अपनी जान बचा सकें।

सुबह 7 से शाम 6 बजे तक करें इस हेल्पलाइन पर शिकायत

शहर में पानी की स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कलेक्टर मिशा सिंह को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन ने कलेक्टर ने हेल्पलाइन नम्बर 07412-270416 जारी किया है। मोहल्लों और घरों में गंदा पानी आने पर नागरिक सुबह 7 से सायं 6 बजे तक इस हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज  करवा सकते हैं। हेल्पलाइन के सुचारु संचालन के लिए कलेक्टर ने भू-अभिलेख अधीक्षक (एसएलआर) अखिलेश मालवीय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।