एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, परीक्षा में नकल की पर्ची मिलने के बाद तनाव में होने की बात
सैलाना के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रा हॉस्टल में कक्षा 12वीं की छात्रा वर्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परीक्षा में नकल की पर्ची मिलने के बाद तनाव में होने की बात सामने आई है, जबकि मौत का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।
सैलाना के आदिवासी अंचल में घटना से मचा हड़कंप, रूममेट्स ने कमरे में गंभीर हालत में देखा; पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल स्टाफ और छात्राओं से की पूछताछ
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के आदिवासी अंचल सैलाना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में मंगलवार को कक्षा 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर और हॉस्टल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल स्टाफ और छात्राओं से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है।
जानकारी के अनुसार मृत छात्रा वर्षा पिता टीकाराम सोलंकी, निवासी मेवाड़ पंथ, जिला देवास, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं कला संकाय में अध्ययनरत थी। मंगलवार को वह परीक्षा दे रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षिका ने छात्रा के पास से नकल की पर्ची मिलने की बात सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद छात्रा की उत्तर पुस्तिका जब्त कर ली गई थी।
ये भी पढ़ें
परीक्षा के बाद कमरे में गंभीर हालत में मिली
परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा की रूममेट्स कमरे में पहुंचीं। वहां उन्होंने वर्षा को गंभीर अवस्था में देखा। दोनों ने तत्काल हॉस्टल वार्डन को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम विद्यालय पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के साथ ही हॉस्टल से जुड़े कर्मचारियों और छात्राओं से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मामले में आगे की कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
मौत की असली वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
बताया जा रहा है कि छात्रा पर पढ़ाई को लेकर काफी दबाव था। परीक्षा के दौरान नकल पर्ची मिलने पर कॉपी जब्त करने की कार्रवाई के बाद छात्रा तनाव में भी। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि उसकी मौत की वजह परीक्षा में पर्ची मिलने की घटना रही या फिर सके पीछे कोई अन्य कारण रहा। इसलिए पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।
विद्यार्थियों ने किया चक्काजाम
उधर, घटना को लेकर विद्यार्थियों ने सैलाना-रतलाम मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर धरना शुरू किया है। बताया जा रहा है कि वे मांगें नहीं माने जाने तक छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भी नहीं ले जाने दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों द्वारा स्कूल प्राचार्य को हटाने, नकल पर्ची पकड़ने वाली शिक्षिका प्रीति लांबा के इस्तीफे तथा जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज करने व छात्रा की मौत पर तत्काल मुआवजा देने की मांग की जा रही है।
प्राचार्य को हटाया ! विधायक डोडियार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ये भी पढ़ें





