मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड के संभाग प्रभारी बने अनुराग लोखंडे, अजय तिवारी जिला प्रभारी नियुक्त, जल्द गठित होंगी संभाग, जिला और नगर इकाइयां

रतलाम में मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड में नई नियुक्तियां, अनुराग लोखंडे बने उज्जैन संभाग प्रभारी और अजय तिवारी जिला प्रभारी नियुक्त। 28 अप्रैल को बाजीराव पेशवा पर व्याख्यान होगा।

Apr 27, 2026 - 20:07
 0
मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड के संभाग प्रभारी बने अनुराग लोखंडे, अजय तिवारी जिला प्रभारी नियुक्त, जल्द गठित होंगी संभाग, जिला और नगर इकाइयां
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड उज्जैन संभाग प्रभारी अनुराग लोखंडे। साथ हैं जिला विधिक प्रभारी एडवोकेट राकेश शर्मा, रतलाम जिला प्रभारी अजय तिवारी और जिला प्रचार प्रमुख नीरज कुमार शुक्ला।

एडवोकेट राकेश शर्मा को जिला विधिक प्रभारी और पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला को जिला प्रचार प्रमुख का दायित्व

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शासन द्वारा गठित मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड रतलाम के जिला प्रभारी अनुराग लोखंडे को नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें उज्जैन संभाग का प्रभारी बनाया गया है। उनके स्थान पर अब अजय तिवारी बोर्ड के जिला प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। तिवारी जल्द ही अपनी कार्यकारिणी का ऐलान करेंगे।

यह जानकारी मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त संभाग प्रभारी अनुराग लोखंडे ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में परशुराम कल्याण बोर्ड द्वारा भगवान श्री परशुराम जी पर महानाट्य का मंचन किया गया था। इसमें बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष पं. विष्णु राजोरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने नई नियुक्तियों को लेकर चर्चा की थी। पं. राजोरिया ने उन्हें (लोखंडे) उज्जैन संभाग का प्रभारी तथा डॉ. राजेश शर्मा को सह प्रभारी नियुक्त किया है। इससे रिक्त हुए रतलाम जिला प्रभारी के पद पर भाजपा नेता एवं समाजसेवी अजय तिवारी को नियुक्त किया गया है।

लोखंडे ने बताया जिला प्रचार प्रमुख पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला की जिम्मेदारी को निरंतर रखा गया है। इसके साथ ही विधिक प्रभारी का दायित्व रतलाम अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा को दिया गया है। बोर्ड में कलेक्टर के पूर्व कार्यालय अधीक्षक प्रभाकांत उपाध्याय को भी जोड़ा गया है। संभाग, जिला और नगर की नई टीमों का गठन भी जल्द किया जाएगा।

बाजीराव पेशवा को लेकर व्याख्यान 28 अप्रैल को

संभाग प्रभारी अनुराग लोखंडे ने मप्र शासन द्वारा परशुराम कल्याण बोर्ड के गठन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह बोर्ड ब्राह्मणों के हित के लिए तो काम करेगा ही, समस्त सनातन समाज की बेहतरी के लिए तत्पर रहेगा। लोखंडे ने बताया कि ब्राह्मण समाज के पुरोधाओं ने सिर्फ अपने समाज के लिए नहीं, बल्कि सभी की भलाई के लिए कार्य किया है। लोखंडे के अनुसार परशुराम कल्याण बोर्ड द्वारा 28 अप्रैल 2026 को शाम 7.30 बजे सर्किट हाउस में श्रीमंत बाजीराव पेशवा की पुण्यतिथि पर एक व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुख्य वक्ता वेदों के अनुवादक और साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला होंगे।

ये भी पढ़ें

परशुराम के फरसे के लेकर करेंगे बात

एक प्रश्न के जवाब में लोखंडे ने कहा कि नगर निगम द्वारा भगवान श्री परशुराम जी के अस्त्र फरसे की स्थापना को लेकर निर्णय लिया गया था। इसे जल्द से जल्द लगाया स्थापित किया जाना चाहिए। इस बारे में महापौर और निगम आयुक्त से चर्चा की जाएगी। पत्रकार वार्ता नवनियुक्ति जिला प्रभारी अजय तिवारी ने अपनी प्राथमिकता भी बताई। इस दौरान जिला सचिव लगन शर्मा, जिला प्रचार प्रमुख नीरज कुमार शुक्ला, विधिक प्रभारी राकेश शर्मा, नगर सचिव चेतन्य शर्मा, प्रभाकांत उपाध्याय, राजेश व्यास उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।