बेटियों ने हाथ में बनाया लाल डॉट और बोलीं- ये दाग अच्छे हैं, पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने उनकी जिज्ञासाएं की शांत

रोटरी क्लब रतलाम द्वारा सीएम राइस विनोबा स्कूल में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और इंसीनरेटर भेंट किया। इस मौके पर पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने छात्राओं को मासिक धर्म के बारे में खुल कर बात करने के लिए प्रेरित किया।

Mar 8, 2023 - 01:20
 0
बेटियों ने हाथ में बनाया लाल डॉट और बोलीं- ये दाग अच्छे हैं, पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने उनकी जिज्ञासाएं की शांत
सीएम राइस विनोबा स्कूल रतलाम की छात्राएं हथेली में लाल डॉट बनाकर ये दाग अच्छे हैं का संदेश देते हुए।

रोटरी क्लब रतलाम ने सीएम राइज विनोबा स्कूल में मासिक धर्म को लेकर जागरूक करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । किशोरी और महिलाएं माहवारी स्वच्छता पर बात करने में बहुत संकोच करती हैं। अभी भी लोग इस प्राकृतिक प्रक्रियाओं के बारे में गलत अवधारणा रखते हैं। हमारे परिवार में भी इस बारे में कोई बातचीत नहीं की जाती है। युवतियों को माहवारी चक्र के दौरान अलग रहने पर मजबूर करते हैं। पीरियड्स पूर्ण रूप से सामान्य प्रक्रिया है, जिसके लिए हर किशोर लड़की को तैयार रहना चाहिए और उसके परिवार सहित समाज के लोगों को भी सही शिक्षा देने की जिम्मेदारी होनी चाहिए। किशोरियों से बातचीत कर उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाए। मासिक धर्म को लेकर जागरूकता बहुत ज्यादा जरूरी है।

यह बात पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने सीएम राइस विनोबा स्कूल में आयोजित कार्यशाला में कही। कार्यशाला का आयोजन रोटरी क्लब द्वारा किया गया था। डॉ. जोशी ने छात्राओं को माहवारी से संबंधित प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने माहवारी के दौरान होने वाली परेशानियों का समाधान जाना। उन्होंने डॉक्टर जोशी से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।

सेनेटरी नैपकिन वेडिंग मशीन व इंसीनेटर भेंट किया

रोटरी क्लब अध्यक्ष रवि नाहर तथा सचिव सोनल लखानी ने प्रश्न पूछने वाली पूर्णिमा सोलंकी तथा प्रियंका गौड़ को नकद राशि से पुरस्कृत किया। रोटरी क्लब के सदस्य मीतेश गादिया, प्रकाश लखानी, अनीता नाहर ने बालिकाओं को अपनी चुप्पी तोड़कर चर्चा करने के लिए कहा। उन्होंने विद्यालय को रोटरी क्लब रतलाम की ओर से बालिकाओं के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और सेनिटरी पैड जलाने के लिए इंसीनरेटर प्रदान किया।

इंसीनरेटर पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी- वोहरा

संस्था प्राचार्य संध्या वोहरा ने सेनिटरी नैपकिन इंसीनरेटर को पर्यावरण संरक्षण हेतु उपयोगी बताया। कार्यशाला में सभी बालिकाओं ने अपने हाथ पर रेड डॉट बनाकर अपनी झिझक को दूर करते हुए कहा कि दाग अच्छे हैं। इस कार्यशाला में सुनीता पंवार, रूपाली जैन, सोना तिवारी, मनीषा चौधरी, हर्षिता सोलंकी, लाड कुंवर गोयल, भावना रावत और धर्मा कोठारी उपस्थित थे। संचालन सीमा अग्निहोत्री ने किया। उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने आभार व्यक्त किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।