गुरमुखी से जुड़े कदम ! गुरमुख शिक्षा शिविर में मिली सिख संस्कृति और गुरमत मूल्यों की सीख, 14 बच्चों का रतलाम लौटने पर हुआ सम्मान

इंदौर में आयोजित गुरमुख शिक्षा कैंप में भाग लेने वाले रतलाम के 14 बच्चों का गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा न्यू रोड में सम्मान किया गया। बच्चों को गुरमुखी शिक्षा, गतका और गुरबाणी का प्रशिक्षण मिला।

गुरमुखी से जुड़े कदम ! गुरमुख शिक्षा शिविर में मिली सिख संस्कृति और गुरमत मूल्यों की सीख, 14 बच्चों का रतलाम लौटने पर हुआ सम्मान
गुरमुख शिक्षा कैंप में भाग लेने वाले रतलाम के बच्चों का श्री गुरु सिंघ सभा गुरुद्वारा में सम्मान किया गया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय गुरमुख शिक्षा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें रतलाम के 14 बच्चों ने सिख संस्कृति और गुरमत मूल्यों के बारे में जाना। रतलाम लौटने पर सभी का स्वागत किया गया।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ केंद्रीय गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर पिछले दिनों इंदौर स्थित गुरु अमरदास हॉल में संपन्न हुआ। केंद्रीय गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह भाटिया एवं सचिव सरदार सुरजीत सिंह टुटेजा ने इस वर्ष के शिविर को समाजसेवी एवं शिक्षाविद् स्वर्गीय सरदार गुरनाम सिंह की पावन स्मृति को समर्पित किया था।

शिविर के दौरान बच्चों को गुरमुखी शिक्षा, गतका, गुरबाणी पाठ तथा गुरमत से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना तथा उन्हें अपनी जड़ों और सिख परंपराओं से जोड़ना था।

ये भी पढ़ें

इन बच्चों ने की सहभागिता

रतलाम से शिविर में गर्वित सिंह, इशप्रीत सिंह, पवन सिंह, जोगिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसप्रीत सिंह, प्रभजोत सिंह, अमरप्रीत सिंह, जसप्रीत कौर सलूजा, नायरा कौर सलूजा, दियारा कौर सलूजा, मायरा कौर सलूजा, गुनप्रीत कौर सलूजा एवं हरप्रीत कौर सोढ़ी सहित कुल 14 बच्चों ने सहभागिता की।

सम्मान समारोह में बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कैंप से लौटे बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए न्यू रोड स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में सम्मान किया गया। बच्चों को सम्मान चिह्न भेंट कर उनके उत्साह, अनुशासन और सीखने की प्रतिबद्धता की सराहना की गई। समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़ते हुए उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समाज सेवा की भावना का विकास करना रहा।

इस मौके पर वक्ताओं ने बच्चों को गुरमत शिक्षा से निरंतर जुड़े रहने तथा सिख इतिहास, संस्कृति और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उपस्थित संगत ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ज्ञानी मान सिंह जी, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा न्यू रोड रतलाम के अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह सलूजा, कमलजीत सिंह मक्कड़, देवेंद्र सिंह बग्गा, हरजीत चावला, अजीत छाबड़ा, देवेंद्र वाधवा, हरजीत सलूजा, सतपाल सिंह डंग, गगनदीप सिंह डंग, गुरविंदर सिंह खालसा एवं मनमीत सिंह डंग सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें