बिजली वितरण कंपनी खंभा लगाने से पहले नगर निगम, लोक निर्माण विभाग व यातायात पुलिस से चर्चा कर सहमति ले, मनमाने स्थान पर ना लगाए- शैलेंद्र डागा

पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने जिला प्रशासन और बिजली वितरण कंपनी को नगर निगम, लोक निर्माण विभाग व यातायात पुलिस से चर्चा करने के बाद ही बिजली का खंभा लगाने का सुझाव दिया है।

Dec 14, 2022 - 18:39
 0
बिजली वितरण कंपनी खंभा लगाने से पहले नगर निगम, लोक निर्माण विभाग व यातायात पुलिस से चर्चा कर सहमति ले, मनमाने स्थान पर ना लगाए- शैलेंद्र डागा
शैलेंद्र डागा, पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता।

रतलाम के पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता का सुझाव, ...ताकि सरकारी धन और समय न हो बर्बाद

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेंद्र डागा ने महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उन्होंने कहा है कि बिजली वितरण कंपनी नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा यातायात पुलिस से चर्चा कर उनकी सहमति लेने के बाद ही कहीं भी बिजली का खंभा लगाए। खंभा लगाने में मनमानी नहीं करे क्योंकि इससे सरकारी धन और समय दोनों बर्बाद होता है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलने भी देरी होती है। 

यह सुझाव पूर्व महापौर एवं भाजपा नेता डागा ने जिला प्रशासन एवं बिजली वितरण कंपनी को दिया है। डागा ने कहा है कि वर्तमान में देखने में आया है कि सड़क चौड़ी करने के लिए कई स्थानों से बिजली के खंभे हटाने पड़ रहे हैं। कई खंभे ऐसे भी हैं जिन्हें बिजली वितरण कंपनी द्वारा कुछ वर्षों पहले ही लगाया गया था। यदि पूर्व खंभे लगाने के पहले ही भविष्य में मार्ग चौड़ीकरण की संभावनाओं को ध्यान में रखकर नगर निगम या यातायात पुलिस से चर्चा कर ली जाती और उसके बाद उचित स्थान पर खंभे लगाए जाते तो अब उनकी शिफ्टिंग की नहीं करनी पड़ती। अभी खंभे की शिफ्टिंग पर सरकार को जो धनराशि खर्च करना पड़ रही है, वह भी नहीं करना पड़ती। यानी इससे समय और सरकारी धन, दोनों बचता।

डागा के अनुसार अभी भी बिजली वितरण कंपनी मनमाने स्थान पर नए खंभे लगा दिए जाते हैं। भविष्य के यातायात को ध्यान में रखते हुए और सड़क चौड़ीकरण की संभावना को देखते हुए उसे संबंधित विभागों से चर्चा करने के बाद ही उचित स्थान पर खंभे लगाने चाहिए।

पुराने खंभे नहीं हटाना यातायात में बाधा 

पूर्व महापौर डागा का कहना है कि कई स्थानों पर बिजली वितरण कंपनी ने सड़क के किनारे नए खंभे लगा दिए हैं। बावजूद, सड़क के बीच से पुराने खंभे अभी तक नहीं हटाए गए हैं। ऐसे में पुराने खंभे यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए।

समन्वय से कार्य करें वितरण कंपनी

वरिष्ठ भाजपा नेता डागा ने सुझाव दिया है कि बिजली के तारों के पास से जा रहे पेड़ों की छंटाई के कार्य में भी बिजली वितरण कंपनी को नगर निगम से समन्वय बनाना चाहिए। प्रायः देखने में याया है कि बिना सूचना के ही बिजली वितरण कंपनी पेड़ों की छंटाई कर देता है। इसके बाद पेड़ की टहनियां वहीं रखी रह जाती हैं। नगर निगम भी टहनियों को नहीं उठाता है और क्षेत्र की जनता परेशान होती रहती है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।