प्रशासन ने किया स्टिंग ऑपरेशन ! राजस्व विभाग का कर्मचारी पहुंचा खाद की दुकान, दुकानदार ने 266.50 रुपए की बोरी के मांगे 360 रुपए, तहसीलदार ने सील कर दी दुकान

खाद की कालाबाजारी की शिकायत के चलते कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर जावरा तहसीलदार ने एक दुकान का स्टिंग ऑपरेशन करवा दिया। दुकानदार खाद की कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर प्रशासन ने दुकान सील कर दी है।

Dec 19, 2024 - 22:27
 0
प्रशासन ने किया स्टिंग ऑपरेशन ! राजस्व विभाग का कर्मचारी पहुंचा खाद की दुकान, दुकानदार ने 266.50 रुपए की बोरी के मांगे 360 रुपए, तहसीलदार ने सील कर दी दुकान
यूरिया खाद।

कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर हुआ स्टिंग ऑपरेशन, दुकानदार खाद की कलाबाजारी करते हुए हो गया ट्रैप

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  खाद के ज्यादा दाम वसूलने की शिकायतों के चलते गुरुवार को कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर जावरा में तहसीलदार ने एक दुकान का स्टिंग ऑपरेशन करवाया। दुकानदार ने उनके द्वारा भेजे गए राजस्व विभाग के कर्मचारी से भी 266.60 रुपए की खाद की बोरी के 360 रुपए मांगे। कालाबाजारी की शिकायत की पुष्टि होते ही प्रशासन के अमले ने छापा मारकर दुकान सील कर दी।

जिले में किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध हो, दुकानदार खाद की कालाबाजारी नहीं कर पाएं इसके लिए कलेक्टर राजेश बाथम ने जिले के मैदानी अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर के निर्देश पर विगत दिवस जिले के जावरा में अधिक मूल्य पर खाद विक्रय करने वाले एक दुकानदार अनोखीलाल एंड संस के विरुद्ध कार्रवाई कर दुकान सील की गई है। दुकान में 266.50 रुपए मूल्य के यूरिया खाद का बैग को 360 रुपए में बेचा जा रहा था। जिले के अन्य स्थानों पर भी अधिकारियों द्वारा सक्रियता के साथ निरीक्षण किया जा रहे हैं।

ज्यादा रुपए लेते ही पहुंच गई टीम

मामला जावरा का है। यहां राजस्व विभाग के कर्मचारी को किसान के रूप में यूरिया क्रय करने के लिए खाचरोद नाका स्थित अनोखीलाल एंड सन सुखेड़ावालों की दुकान पर भेजा गया। विक्रेता से कर्मचारी से यूरिया खाद के बैग का मूल्य पूछा। दुकानदार ने 266.50 रुपए के यूरिया खाद के बैग की कीमत 360 रुपए बताई। कर्मचारियों को उक्त बैग 360 रुपए में दिया गया। कालाबाजारी की पुष्टि होते ही तहसीलदार संदीप इवने, नायब तहसीलदार वैभव जैन, श्रद्धा त्रिवेदी, पटवारी पंकज राठौर समेत टीम दुकान पहुंची। वहां कृषि विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। कृषि विभाग के अधिकारी के. आर. खेड़े एवं इंदर सिंह भयड़िया ने बयान दर्ज किए। पंचनामा बनाया गया है। जांच पूरी होने तक के लिए दुकान को सील कर दिया गया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।