Khel Chetna Mela Announced : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन 10 से 12 जनवरी तक करेगा खेल चेतना मेले का आयोजन

Khel Chetna Mela Announced: चेतना खेल मेले का आयोजन 10 से 12 जनवरी तक होगा। इसमें 17 खेलों की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन होगा।

Khel Chetna Mela Announced : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन 10 से 12 जनवरी तक करेगा  खेल चेतना मेले का आयोजन
खेलों के विकास में योगदान के लिए चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष चेतन्य काश्यप का अभिनंदन करते खेल संगठनों के संयोजक।

खेल सलाहकार और संयोजकों के दीप मिलन समारोह में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष ने किया ऐलान 

रतलाम @ एसीएन टाइम्स . चेतन्य काश्यप फ़ाउंडेशन अगले वर्ष खेल चेतना मेले (Khel Chetna Mela Announced) का आयोजन करेगा। यह 10 से 12 जनवरी तक होगा। इसमें 17 प्रकार के खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी।

यह घोषणा फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने की। वे खेल सलाहकार और संयोजकों के दीप मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण खेल चेतना मेला  का आयोजन वर्ष 2021 में प्रभावित हुआ। अब देश में सौ करोड़ लोगों के टीकाकरण के बाद कोरोना महामारी बहुत हद तक नियंत्रण में आ चुकी। सभी सामान्य गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसलिए खेल चेतना मेला (Khel Chetna Mela Announced) का आयोजन परंपरा अनुसार किया जाएगा।

विद्यार्थियों को खेलों का पूर्वाभ्यास कराने का किया आह्वान

रतलाम शहर के विधायक चेतन्य काश्यप ने खेल सलाहकारों और संयोजकगण से कहा कि खेल चेतना मेला से पूर्व अपने संगठनों के माध्यम से खेल चेतना मेला के पूर्वाभ्यास के लिए विद्यार्थियों की स्पर्धाएँ आयोजित कराएं। इससे खेलों के प्रति वातावरण बनेगा और अधिक से अधिक बच्चों को मैदान पर लाने का खेल चेतना मेला का उद्देश्य भी पूरा होगा। इससे बच्चे स्वस्थ भी रहेंगे। उन्होंने खेल मेले की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। आरम्भ में समारोह को क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया ने संबोधित किया।

खेलों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए काश्यप का किया सम्मान

इस अवसर पर  खेलों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने पर खेल सलाहकार और संयोजकगण द्वारा विधायक काश्यप का सम्मान किया गया। संचालन खेल चेतना मेला आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन ने किया। आभार सह सचिव अजीत छाबड़ा ने माना। मप्र बास्केट बॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुशील अजमेरा, सिद्धार्थ काश्यप, खेल सलाहकार, खेल संयोजक एवं सह संयोजकगण उपस्थित रहे।