कुंडाल में 167 जोड़े बने जीवनसाथी, विधायक मथुरालाल डामर ने अभिभावक बनकर निभाई जिम्मेदारी, ‘बेटियों’ को दिया सम्मान और संस्कार का उपहार
रतलाम के कुंडाल गांव में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह हुआ। विधायक मथुरालाल डामर ने अभिभावक बनकर व्यवस्थाएं संभालीं और नवदंपतियों को पौधे व उपहार भेंट किए।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह; विधायक ने खुद संभाली व्यवस्थाएं, हर नवदंपती को दिया पौधा और उपहार
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के छोटे से गांव कुंडाल में रविवार को सिर्फ एक सामूहिक विवाह समारोह नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सामाजिक सरोकार और जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजित इस समारोह में 167 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जहां रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने एक अभिभावक की तरह पूरे आयोजन की जिम्मेदारी निभाई।
गांव कुंडाल स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह समारोह में तीन जनपदों से आए 167 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए। यह आयोजन खास इसलिए भी रहा क्योंकि जिस गांव में यह भव्य समारोह हुआ, वह स्वयं विधायक मथुरालाल डामर का गांव है। विधायक डामर ने केवल मंच साझा नहीं किया, बल्कि पिछले तीन-चार दिनों से स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाले रहे। आयोजन स्थल से लेकर भोजन, अतिथि सत्कार और जोड़ों की सुविधाओं तक हर व्यवस्था पर उनकी व्यक्तिगत नजर रही।
समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब नवविवाहित वर-वधुओं ने विधायक के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। विधायक ने भी उन्हें बेटी-बहू मानते हुए स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
ये भी पढ़ें
प्रोत्साहन राशि और सम्मान
कार्यक्रम में अतिथियों के हाथों नवदंपतियों को प्रोत्साहन राशि के चेक प्रतीकात्मक रूप से वितरित किए गए। शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे वधू के बैंक खाते में जमा की जाएगी।
संस्कार के साथ पर्यावरण का संदेश
विधायक डामर ने इस अवसर को केवल विवाह तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दिया। प्रत्येक नवदंपती को एक-एक पौधा भेंट कर उन्हें अपने नए जीवन के साथ प्रकृति को भी संवारने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि जैसे यह नया रिश्ता आज रोपित हुआ है, वैसे ही यह पौधा भी उनके जीवन में खुशहाली और हरियाली लाएगा।
ये भी पढ़ें
विशेष उपहार के साथ झलकी आत्मीयता
विधायक की ओर से सभी जोड़ों को सात बर्तनों का विशेष उपहार सेट भी दिया गया। साथ ही समारोह में आए मेहमानों और पूरे गांव के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी एक साथ बैठकर भोजन किया।
ये मौजूद रहे
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन, भाजपा नेता ईश्वरलाल पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि कैलाश पटेल, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, कैलाशीबाई चारेल, जिला पंचायत सदस्य नाथूलाल गामड़, एसडीएम विवेक सोनकर, सीईओ छेतुसिंह वासकेला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें







