रतलाम में बड़ा हादसा : ट्राले की चपेट में आए ट्रैक्टर के चालक की मौत, एक अन्य गंभीर घायल, टक्कर के बाद धूं-धूं कर जलने लगा ट्राला

रतलाम के सातरुंडा क्षेत्र में ट्राले और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। इसमें ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राले में आग लग गई थी।

Oct 25, 2024 - 20:38
Oct 25, 2024 - 21:52
 0
रतलाम में बड़ा हादसा : ट्राले की चपेट में आए ट्रैक्टर के चालक की मौत, एक अन्य गंभीर घायल, टक्कर के बाद धूं-धूं कर जलने लगा ट्राला
रतलाम में फोरलेन पर हादसे के बाद ट्राले में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी।।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत सातरुडा में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्राले और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्राला धूं-धूं कर जलाने लगा। दमकल ने आग पर काबू पाया। ट्राला चालक फरार है।

जानकारी के अनुसार ट्राला इंदौर से रतलाम की ओर आ रहा था। तेज रफ्तार ट्राले के चालक ने स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो दिया जिससे ट्राला एक ट्रैक्टर के पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्राला काफी दूर तक ट्रैकर को घसीटता हुआ ले गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम मुनिया निवासी ग्राम खेड़ी की मौत हो गई। वहीं एक अन्य गंभीर घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। 

झोपड़ी में जा घुसा ट्राला

बेकाबू ट्राला ट्रैक्टर को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे एक झोपड़ी में जा घुसा और पेड़ से टकरा गया। झोपड़ी के पास बैठे लोगों ने भागकर जान बचाई। हादसे के बाद ट्राले में आग लग गई। सूचना मिलने पर रतलाम से पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। पुलिस भी पहुंच गई थी। हादसे के बाद से ट्राला चालक फरार है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।