रतलाम के नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल ने शहर विधायक चेतन्य काश्यप के लिए कह दी इतनी बड़ी बात, जानिए- क्या है मामला

नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल ने विधायक चेतन्य काश्यप को लेकर सोमवार को बड़ी बात कही। उनकी यह बात लोगों द्वारा उनके और विधायक के संबंधों को लेकर लगाए जा रहे कयासों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। पटेल रतलाम नगर निगम के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की पहली बैठक में बोल रहे थे।

Aug 2, 2022 - 21:55
Aug 2, 2022 - 21:56
 0
रतलाम के नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल ने शहर विधायक चेतन्य काश्यप के लिए कह दी इतनी बड़ी बात, जानिए- क्या है मामला
रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप एवं नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल।

रतलाम नगर निगम के पर्यवेक्षक एवं भाजपा प्रदेश सहकोषाध्यक्ष पर्यवेक्षक कालूहेड़ा ने पार्षदों की बैठक लेकर बताई अगली रूपरेखा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर सकार के लिए निर्वाचित हुए महापौर और पार्षदों की पहली बैठक सोमवार को संपन्न हुई। यह बैठक जहां आगामी रूपरेखा के नजरिए से महत्वपूर्ण रही, वहीं विधायक चेतन्य काश्यप और नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल के संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय विधायक काश्यप को देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में 50 हजार से अधिक मतों से जीत दिलाने का आह्वान कर डाला।

150

नवनिर्वाचित पार्षदगण की पहली बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में विधायक चेतन्य काश्यप की मेहनत से ही जीत हासिल हुई है। पटेल के अनुसार आने वाले साल में विधानसभा के चुनाव है। इसलिए सभी पार्षदगण डेढ़ साल जी-जान से काश्यप के लिए मेहनत करें। उन्होंने मतदाताओं से सतत् संपर्क में रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पिछला चुनाव काश्यप 43 हजार से अधिक मतों से जीते थे। हमारा प्रयास हो कि अबकी बार 50 हजार से अधिक मतों से वे विजयी हों।

500
200

महापौर पटेल की इस बात ने उनके और विधायक काश्यप के प्रगाढ़ संबंधों की बातों पर एक और मुहर लगा दी। यही नहीं इससे लोगों के उस कयासों पर भी विराम लगा दिया कि चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पटेल विधायक काश्यप से दूरी बना सकते हैं।

सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि भाजपा को मजबूत करने में जुट जाएं : विधायक काश्यप

नगर निगम चुनाव में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की पहली बैठक भाजपा के रतलाम नगर निगम के पर्यवेक्षक एवं भाजपा के प्रदेश सहकोषाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेड़ा की उपस्थिति में आयोजित की गई थी। इसमें आगामी दिनों में होने वाले शपथ कार्यक्रम एवं अध्यक्ष के चुनाव की रूपरेखा बताई गई। सभी जनप्रतिनिधियों से दायित्वों का निर्वाह करने का आह्वान किया गया। विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि भाजपा को मजबूत करने में जुट जाएं। पार्टी कार्यकर्ता के रूप में सभी को आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।

7 अगस्त को होगी शपथ, 10 को निगम अध्यक्ष का चुनाव होगा

बैठक में बताया गया कि आगामी 7 अगस्त को नगर निगम में सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ विधि कार्यक्रम होगा। शपथ-विधि के बाद 10 अगस्त को नगर निगम परिषद् का पहला सम्मेलन आहूत किया गया है। इसमें नगर निगम अध्यक्ष का निर्वाचन किया जाएगा। बैठक को पर्यवेक्षक कालूहेडा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष ने दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।

ये रहे मौजूद

बैठक में सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण एवं महापौर, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा तथा भाजपा के जिला पदाधिकारी दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, सोना शर्मा, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, मनोज शर्मा, दशरथ पाटीदार, अरुण त्रिपाठी, मण्डल अध्यक्ष नीलेश गांधी, कृष्णकुमार सोनी, मण्डल प्रभारी विनोद यादव उपस्थित रहे। संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्रियों ने किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।