बड़ा हादसा ! कूलर में पानी भरते समय पुलिसकर्मी को लगा करंट का झटका, एक पर में छिन गया परिवार का सहारा

रतलाम के अरिहंत परिसर कॉलोनी में कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से एसपी कार्यालय में पदस्थ पुलिसकर्मी अब्दुल पठान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

बड़ा हादसा ! कूलर में पानी भरते समय पुलिसकर्मी को लगा करंट का झटका, एक पर में छिन गया परिवार का सहारा
रतलाम में कूलर में पानी भरने के दौरान करंट लगने से पुलिसकर्मी अब्दुल पठान की मौत।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अरिहंत परिसर कॉलोनी के एक घर में मंगलवार रात तो अमंगल हो गया। यहां करंट के एक झटके ने परिवार का सहारा छीन लिया। इस घटना ने पुलिस विभाग को भी झटका दिया है जिसका 46 वर्षीय एक जवान असमय काल के गाल में समा गया।

जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के पीछे अरिहंत परिसर में रहने वाले 46 वर्षीय अब्दुल पठान मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर में रखे लोहे के कूलर में पानी भर रहे थे। इसी दौरान कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर गिर पड़े। इसके बाद वे उठ नहीं सके। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पठान की जिंदगी एक साधारण घरेलू दुर्घटना में अचानक थम गई। परिवार के मुखिया का साया उठने से उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे पर दुख का पहाड़ ही टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम छा गया है।

ये भी पढ़ें

धार जिले के रहने वाले थे पठान

बताया जा रहा है कि अब्दुल पठान मूल रूप से धार जिले के नालछा ब्लॉक के निवासी थे। वे लंबे समय से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में रतलाम के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच वे एक जिम्मेदार, सरल और समर्पित कर्मचारी के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी कार्यशैली और सेवा भाव के कारण उन्हें वर्ष 2024-25 में भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया था। इतना ही नहीं, वर्ष 2026 के लिए उन्हें अति उत्कृष्ट सेवा पदक हेतु भी नामित किया गया था।

ये भी पढ़ें