सराफा कारोबारी और सटोरिया पप्पू सेक्सी को मिली जान से मारने की धमकी और गालियां, पिंकू मिर्ची के खिलाफ FIR दर्ज
रतलाम में सराफा कारोबारी राकेश सकलेचा उर्फ पप्पू सेक्सी को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी और अश्लील गालियां देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के घास बाजार क्षेत्र निवासी सराफा कारोबारी एवं सटोरिया राकेश सकलेचा उर्फ पप्पू सेक्सी को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी देने और अश्लील गालियां भेजने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी नितेश उर्फ पिंकू मिर्ची के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पप्पू सेक्सी द्वारा पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक सोमवार रात करीब 10:16 बजे सकलेचा के व्हाट्सएप नंबर पर एक वॉइस कॉल आई, लेकिन उन्होंने वह रिसीव नहीं की। इसके करीब दो मिनट बाद जिस नंबर से कॉल आई थी उसी से एक के बाद एक 10 वॉइस मैसेज आए।
शिकायकर्ता सकलेचा का कहना है कि बाद में जब उन्होंने इन वॉइस मैसेज को सुना तो उनमें आरोपी द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ मां-बहन को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया था। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी ने व्हाट्सएप से भेजे गए वॉइस मैसेज डिलीट भी कर दिए।
ये भी पढ़ें
वाट्सएप मैसेज के स्क्रीन तथा वाइस मैसेज उपलब्ध करवाए
अपने परिचित सतीश कटारिया और विशाल दुग्गड़ के साथ थाने पहुंचे सकलेचा ने पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी है। साथ में व्हाट्सएप बातचीत के पांच पेज के स्क्रीनशॉट तथा वॉइस मैसेज की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में उपलब्ध कराई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस वॉइस रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप से जुड़े साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






