ऐसे उतरा बड़ा बोझ ! एक गलती, 33 साल का मन बोझ, लेकिन अंतरात्मा के आगे झुक ही गया इंसान
रतलाम में एक व्यक्ति ने 33 साल बाद 1993 में मिली रकम उसके असली मालिक को लौटाकर ईमानदारी और आत्मस्वीकृति की अनूठी मिसाल पेश की। जानिए पूरी प्रेरक कहानी।
1993 में मिली रकम रख ली थी, 33 साल बाद मालिक को ढूंढकर लौटाई—पश्चाताप ने दिलाया असली सुकून
एसीएन टाइम्स @ रतलाम
हर इंसान की जिंदगी में एक सच ऐसा होता है, जिससे वह भागता तो है…
लेकिन बच नहीं पाता।
रतलाम में एक शख्स ने 33 साल तक उस सच को अपने भीतर जिया और जब आखिरकार उसने उसका सामना किया, तो सिर्फ पैसे नहीं लौटे…
एक बोझ उतरा, एक आत्मा को शांति मिली।
यह कहानी है साकिर हुसैन मंसूरी की, जो आज जिला पंचायत रतलाम में सहायक सांख्यिकी अधिकारी हैं, लेकिन 33 साल पहले उन्होंने एक ऐसा निर्णय लिया था, जिसकी गूंज उन्हें जीवनभर सुनाई देती रही।
वर्ष 1993… रात करीब 10 बजे… रतलाम से जावरा का रास्ता।
अंधेरे में एक बैग मिला।
खोला तो उसमें करीब 8000 रुपये नकद, बिलबुक और कुछ जरूरी कागजात थे।
यहीं से शुरू हुई एक छोटी-सी गलती…
जिसने वक्त के साथ एक बड़ी चुप्पी का रूप ले लिया।
मंसूरी बताते हैं कि उस समय उन्होंने कागजात नष्ट कर दिए और पैसे अपने एक मित्र के साथ आधे-आधे बांट लिए।
उस पल शायद यह एक सामान्य फैसला लगा…
लेकिन वही फैसला धीरे-धीरे अंदर की आवाज़ बन गया।
साल गुजरते गए… जिंदगी आगे बढ़ती रही…
लेकिन एक सवाल बार-बार लौटता रहा-
यह पैसा आखिर किसका था?”
और हर बार उस सवाल के साथ एक अधूरापन भी।
आखिरकार, 33 साल बाद मंसूरी ने उस आवाज़ को अनसुना करना बंद कर दिया।
उन्होंने उस अंजान व्यक्ति को ढूंढने की ठानी, जिसकी अमानत उनके पास थी।
यह तलाश आसान नहीं थी…
लेकिन शायद सच्चाई की अपनी जिद होती है।
लंबे प्रयासों के बाद आखिरकार उस बैग के असली मालिक का पता चल गया-
साईं दीप मेडिकल एजेंसी के श्री बालकृष्ण जी।
संयोग देखिए… वे उनके कॉलेज के मित्र ही निकले।
इस बीच, उस समय उनके साथ रहे मित्र का निधन हो चुका था।
ऐसे में मंसूरी ने सिर्फ अपना नहीं, बल्कि अपने दिवंगत मित्र का हिस्सा भी जोड़कर पूरी राशि लौटाने का निर्णय लिया।
जब उन्होंने यह रकम वापस सौंपी, तो सिर्फ पैसे नहीं लौटाए…
उन्होंने 33 साल का एक अधूरा अध्याय पूरा किया।
विनम्रता के साथ क्षमा मांगते हुए उन्होंने कहा-
“गलती इंसान से ही होती है, लेकिन अंतर्मन उसे कभी माफ नहीं करता।
सुकून तब मिलता है, जब हम हिम्मत करके उसे सुधारते हैं।”
यह सिर्फ 8000 रुपये लौटाने की कहानी नहीं है।
यह उस अदृश्य बोझ की कहानी है, जिसे हम अपने भीतर ढोते रहते हैं…
और उस पल की, जब हम उसे उतारने का साहस जुटाते हैं।







