जावरा फाटक हत्याकांड : हत्यारे साहिल की आत्मरक्षा की दलील न्यायालय ने की खारिज, सुनाई उम्रकैद की सजा, रिश्तेदार के सीने ने खंजर घोंपकर की थी हत्या
रतलाम के जावरा फाटक हत्याकांड में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की न्यायालय ने मुख्य आरोपी साहिल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वर्ष 2020 में पुरानी रंजिश के चलते मोहम्मद यtनुस खान की हत्या हुई थी। आत्मरक्षा की दलील खारिज, दो आरोपी भाई दोषमुक्त।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । वर्ष 2020 में रतलाम शहर के जावरा फाटक रिक्शा स्टैंड चौराहे पर हुए चर्चित हत्याकांड में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की न्यायालय ने अभियुक्त साहिल खान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियुक्ति पर जुर्माना भी हुआ है। साहित ने रिश्तेदार यूनुस खान की सीने में खंजर घोंपकर हत्या कर दी थी।
प्रकरण में पैरवीकर्ता अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने बताया कि मोहम्मद यूनुस खान निवासी हाट की चौकी, रतलाम और आरोपी साहिल पिता सत्तार खान (27), निवासी सम्यक गोल्ड कॉलोनी, डी-मार्ट रोड, रतलाम आपस में परिचित व रिश्तेदार थे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। रंजिश को लेकर 21 सितंबर 2020 को दिन में लगभग 11:30 से 11:45 बजे के मध्य जावरा फाटक रोड स्थित रिक्शा स्टैंड चौराहे पर यूनुस और साहिल के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान साहिल ने अपने पास रखे धारदार लोहे के खंजर से यूनुस के सीने के बाएं हिस्से में जानलेवा प्रहार किया। हमले में यूनुस गंभीर रूप से घायल हो गया। भाई आरिफ और दोस्त दिलशाद अली उसे ऑटो से जिला चिकित्सालय रतलाम लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने यूनुस को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें
घटनास्थल के पास गुमटी के नीचे छिपाया था खून लगा खंजर
मृतक के भाई आरिफ खान की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड रतलाम में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास एक गुमटी के नीचे छिपाया गया खून लगा धारदार खंजर बरामद किया गया। एफएसएल जांच में यह भी प्रमाणित हुआ कि मृतक की शर्ट और बनियान पर बने कट के निशान आरोपी साहिल से जब्त खंजर से ही कारित हुए थे। शासन की ओर से प्रकरण में कुल 21 साक्षियों के कथन कराए गए।
आत्मरक्षा की दलील खारिज, हृदय पर किया था सीधा और गहरा वार
न्यायालय में विचारण के दौरान मुख्य आरोपी साहिल की ओर से बचाव लिया गया कि मृतक यूनुस ने पहले झगड़ा शुरू किया था और उसने आत्मरक्षा में हमला किया था। हालांकि, न्यायालय ने स्पष्ट किया कि साहिल को आई चोटें साधारण प्रकृति की थीं, जबकि मृतक के हृदय में सीधा और गहरा घातक वार किया गया था। अतः इसे आत्मरक्षा या अचानक हुए आवेश का कृत्य नहीं माना जा सकता। न्यायालय ने साहिल को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी माना। इस आधार पर उसे आजीवन कारावास एवं जुर्माने से दंडित किया गया।
ये भी पढ़ें
घायल होने और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने का बचाव भी नहीं आया काम
मुख्य आरोपी साहिल ने अपने बचाव को मजबूत करने के लिए स्वयं को घायल बताते हुए जिला चिकित्सालय में भर्ती होना तथा पुलिस थाने में अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाना भी आधार बनाया था। हालांकि, न्यायालय ने इस पहलू का भी बारीकी से परीक्षण किया। न्यायालय ने पाया कि साहिल के अस्पताल में भर्ती होने का निश्चित समय प्रमाणित नहीं हुआ था। उसकी ओर से घटना के लगभग आठ घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट दर्ज करवाने में हुए विलंब का कोई विश्वसनीय एवं संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया।
सीसीटीवी और मोबाइल टावर लोकेशन से दो भाई दोषमुक्त
प्रकरण में साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को भी रिपोर्ट में आरोपी बनाया गया था। पुलिस जांच के दौरान प्रस्तुत सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल टावर लोकेशन से यह प्रमाणित हुआ कि घटना के समय एजाज उज्जैन में और सिराज रतलाम के अन्य स्थान पर मौजूद थे। इस आधार पर न्यायालय ने दोनों को दोषमुक्त कर दिया। मुख्य आरोपी साहिल की जुलाई 2025 में जमानत हुई थी। न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें







