बड़ावदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 290 किलो डोडाचूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, दो तस्कर फरार, 14.50 लाख रुपए है जब्त डोडाचूरा की कीमत

रतलाम के थाना बड़ावदा पुलिस ने 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। करीब 14.50 लाख रुपए की इस कार्रवाई में दो आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

बड़ावदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 290 किलो डोडाचूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,  दो तस्कर फरार, 14.50 लाख रुपए है जब्त डोडाचूरा की कीमत
रतलाम जिले की बड़ावदा पुलिस ने 290 किलो डोडाचूरा जब्त किया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पुलिस मुख्यालय भोपाल के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" जनजागरूकता अभियान के साथ रतलाम पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बड़ावदा पुलिस ने बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

एसपी अमित कुमार के निर्देशन में थाना बड़ावदा पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। पीछा किए जाने पर आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास खाली मैदान में ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर अपने साथी के साथ अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

13 कट्टों से मिला अवैध डोडाचूरा

मौके पर छोड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी लेने पर उसमें रखे प्लास्टिक के 13 कट्टों में अवैध डोडाचूरा मिला। पुलिस ने कुल 289.988 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित जब्त कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया, प्रधान आरक्षक शहजाद खान, आरक्षक गोपालसिंह सोनगरा, आरक्षक बालुसिंह तथा सैनिक संग्रामसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

ये भी पढ़ें