14 साल रिश्ता, 4 बच्चे... और फिर आधी रात को गूंजा तलाक... तलाक... तलाक..., यह फिल्म की कहानी नहीं एक महिला की आपबीती है
रतलाम में चार बच्चों की मां ने पति पर दूसरी शादी की जिद, मारपीट और तीन बार तलाक कहकर घर से निकालने का आरोप लगाया। एसपी से शिकायत, पति सहित आठ लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन।
दूसरी शादी के लिए पति ने तोड़ा संबंध, पत्नी को रात में घर से निकाला, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । चौदह साल पहले निकाह से शुरू हुआ रिश्ता महज तीन शब्दों के साथ टूट गया। दूसरी महिला से शादी की जिद में पति ने आधी रात को पहले अपनी पत्नी को पीटा और फिर ‘तलाक... तलाक... तलाक...’ कहकर घर से बाहर निकाल दिया। अब चार बच्चों की मां ने पुलिस और एसपी अमित कुमार से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने पति सहित आठ लोगों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता शहर की रॉयल कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय रुबीना है। उसने पुलिस और एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसका निकाह 2012 में सुराना ग्राम में मुस्लिम शरीयत के अनुसार गुल्लू खान पिता फकीर मोहम्मद के साथ 51 हजार 786 रुपए मेहर पर हुआ था। विवाह के बाद उनके चार बच्चे हुए, जिनमें दो पुत्रियां और दो पुत्र शामिल हैं।
महिला का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उसका पति छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था और रुपयों, गाड़ी तथा मकान की मांग करता था। बेटी का वैवाहिक जीवन बचाने के उद्देश्य से उसके पिता ने अपनी कृषि भूमि बेचकर रॉयल कॉलोनी में मकान खरीदकर दिया, जहां परिवार रह रहा था। इसके बावजूद पति ने पारिवारिक जिम्मेदारियां नहीं निभाईं।
ये भी पढ़ें
दूसरी महिला पर करता है खर्च
पीड़िता के अनुसार, पति लंबे समय तक बेरोजगार रहा, इसलिए उसने अपने खर्च से उसे ऑटो रिक्शा दिलवाया। पति के पास पैतृक कृषि भूमि होने के साथ ही वह प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम भी करता है, लेकिन अच्छी आय होने के बावजूद वह घर खर्च के लिए कोई आर्थिक सहयोग नहीं करता था। महिला का आरोप है कि पति अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शबाना मंसूरी नामक महिला तथा उसके दिव्यांग भाई पर खर्च करता है।
पति और दूसरी महिला के वीडियो होने का किया दावा
शिकायत में कहा गया है कि जब भी उसने इस संबंध का विरोध किया, पति उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पिछले कुछ वर्षों से वह घर-परिवार की अनदेखी कर उक्त महिला को ऑटो में घुमाता था और उसके घर जाकर उसके भाई के साथ समय बिताता था। महिला का दावा है कि पति और उक्त महिला से जुड़े कुछ वीडियो भी उसके पास सुरक्षित हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि जिस महिला से उसका पति दूसरा निकाह करना चाहता है, उसके किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध बताए जाते हैं।
ये भी पढ़ें
ससुराल वाले भी पति का साथ देते हैं
महिला का आरोप है कि इस पूरे मामले में ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी पति का साथ देते रहे और लगातार उसे प्रताड़ित करते रहे। समाज में बदनामी तथा बच्चों के भविष्य की चिंता के कारण वह वर्षों तक सब कुछ सहती रही और उम्मीद करती रही कि उसका पति सुधर जाएगा, लेकिन उसका परिवार के प्रति कोई लगाव नहीं रहा।
बच्चों के साथ अनहोनी होने का डर
पीड़िता का ने पुलिस को बताया कि, 1 जुलाई 2026 को बच्चों के स्कूल और एडमिशन की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पति ने दूसरी महिला से निकाह करने की जिद दोहराई। रात करीब 11 बजे पति ने परिजन की मौजूदगी में उसके साथ मारपीट और झूमाझटकी की तथा तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ कहकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। उसो केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकलना पड़ा, जबकि उसके बच्चे पति के पास ही रह गए। उसे आशंका है कि बच्चों के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।
ये भी पढ़ें
महिला के पति से भी की अभद्रता
पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसके भाई मोहम्मद अकरम और मामू शहजाद अली समझाइश देने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के तुरंत बाद महिला अपने परिजन के साथ सालाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंची थी, जहां पुलिस ने नाम-पते दर्ज कर अगले दिन आने के लिए कहा।
बाद में उसने रतलाम पुलिस अधीक्षक, स्टेशन रोड थाना प्रभारी तथा सालाखेड़ी चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, अपने मकान पर पुनः आधिपत्य दिलाने तथा स्वयं और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इनके खिलाफ की है शिकायत
पीड़िता ने शिकायत में गुल्लू खान पिता फकीर मोहम्मद, शबाना मंसूरी, रेहमत बी मंसूरी, देवर सोनू खान निवासी ग्राम बड़गांव (उज्जैन), सद्दाम पिता अब्दुल रहमान, अज्जू पिता शहजाद खान, आना बी तथा फकीर मोहम्मद को नामजद आरोपी बनाया है।
सूत्रों के अनुसार इसी प्रकरण में पीड़िता के पति ने भी थाने में अपना आवेदन प्रस्तुत किया है। पुलिस दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर तथ्यों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें









