कला और संस्कार से किया भारतीय नववर्ष का अभिनंदन, संस्कार भारती व महाराष्ट्र समाज ने किया अनूठा आयोजन

रतलाम में संस्कार भारती और महाराष्ट्र समाज द्वारा सांस्कृति संध्या के साथ भारतीय नववर्ष का अभिनंदन किया गया। इसमें कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीता।

Mar 30, 2026 - 21:49
 0
कला और संस्कार से किया भारतीय नववर्ष का अभिनंदन, संस्कार भारती व महाराष्ट्र समाज ने किया अनूठा आयोजन
कलाकार अपनी कला की प्रस्तुत देकर भारतीय नववर्ष का अभिनंदन करते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय नववर्ष के स्वागत एवं अभिनंदन संस्कार भारती मालवा प्रांत इकाई एवं महाराष्ट्र समाज के संयुक्त तत्वाधान में हुआ। इस मौके पर शहर के स्टेशन रोड स्थित महाराष्ट्र समाज परिसर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने कला और संस्कारों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संगीत विदुषी सुशीला देवी व्यास एवं विशिष्ट अतिथि युवा व्यवसायी मेघ कुमार लुनिया ने दीप प्रज्वलन कर किया। सरस्वती संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संस्कार भारती का ध्येय गीत सौम्या पनालकर एवं करिश्मा जैन ने प्रस्तुत किया। अतिथियों के स्वागत उपरांत संस्था का परिचय प्रशांत शौचे ने दिया।

ये भी पढ़ें

भारत वंदना और राग भूपाली से जीता दिल

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में अवनी उपाध्याय ने भारत वंदना प्रस्तुत की, वहीं शैली चंदेले ने मीराबाई का भक्ति पद प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बाल कलाकार गोपिका बैरागी ने शास्त्रीय संगीत में राग भूपाली की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति में हारमोनियम पर नीलेश जोशी एवं तबले पर वैभव अग्रवाल ने संगत की।

नृत्यों से दिखाई सभी प्रांतों की सांस्कृतिक झलक

युवा कवयित्री प्रीति उपाध्याय ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर किया। विशेष आकर्षण सरस्वती संगीत महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य रहा, जिसमें भारत के विभिन्न प्रांतों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

ये भी पढ़ें

प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न से किया सम्मानित

अंत में संस्था के संरक्षक सुहास चितले ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। अतिथियों ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन राधिका शौचे ने किया। आभार प्रदर्शन महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष मिलिंद करंदीकर ने किया। कार्यक्रम का समापन प्रियांशी शर्मा द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् के साथ हुआ।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।