बड़ा ऐलान ! 1 से 20 अगस्त तक चलेगा ‘स्वदेशी समर्थक अभियान’, देशभर में होगा स्वदेशी अपनाने के लिए जनजागरण
स्वदेशी जागरण मंच 1 से 20 अगस्त तक देशभर में ‘स्वदेशी समर्थक अभियान’ चलाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देना और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जनजागरण करना है।
इंदौर में स्वदेशी जागरण मंच मालवा प्रांत की बैठक में हुई घोषणा, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर रहेगा फोकस
एसीएन टाइम्स @ इंदौर । स्वदेशी जागरण मंच 1 से 20 अगस्त तक देशभर में ‘स्वदेशी समर्थक अभियान’ चलाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित करना तथा स्वदेशी के प्रति जनभावना मजबूत करना है। मंच का मानना है कि स्वदेशी उत्पादों के बढ़ते उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रुपए को डॉलर के मुकाबले सशक्त बनाने में भी सहयोग मिलेगा।
यह जानकारी स्वदेशी जागरण मंच मालवा प्रांत की प्रांतीय बैठक में मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के संगठक केशव दुबौलिया ने दी। उन्होंने आगामी कार्ययोजना एवं संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए बताया कि अभियान के दौरान देशभर में व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रांत सह महिला प्रमुख प्रो. डॉ. इंदिरा दीक्षित ने संगठन मंत्र के साथ बैठक का शुभारंभ किया। प्रांत संयोजक प्रो. डॉ. विशाल पुरोहित ने बताया कि 21 अगस्त से उद्यमिता प्रोत्साहन अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को स्वावलंबन और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।ये भी पढ़ें
प्रमुख बिंदु
- 1 से 20 अगस्त तक देशभर में चलेगा स्वदेशी समर्थक अभियान।
- स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर।
- 21 अगस्त से शुरू होगा उद्यमिता प्रोत्साहन अभियान।
- युवाओं को स्वावलंबन और उद्यमिता के लिए किया जाएगा प्रेरित।
बैठक में ये उपस्थित रहे
प्रांत सह संयोजक दिलीप सिंह चौहान, प्रांत पूर्णकालिक हेमंत रावत, प्रांत संपर्क प्रमुख सुरेश चौपड़ा, प्रांत प्रचार प्रमुख स्वतंत्र पाल सिंह देवड़ा, प्रांत कोश प्रमुख विकास मिश्रा, राजेंद्र सिंह, शंकर ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन हेमंत रावत द्वारा प्रस्तुत कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें








