श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सोमवार से, महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदंबरानंद जी सरस्वती रविवार को आएंगे रतलाम

स्वामी श्री चिदंबरानंद जी सरस्वती के मुखारबिंद से होने वाली श्रीमद भागवत कथा का इंतजार खत्म हो गया है। स्वामी जी रविवार को रतलाम आ रहे हैं। वे सोमवार से कथा सुनाएंगे। इसके लिए विधायक चेतन्य काश्यप ने महिला कार्यकर्ताओं की बैठक कर व्यवस्था पर चर्चा की।

May 27, 2023 - 23:01
May 28, 2023 - 00:28
 0
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सोमवार से, महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदंबरानंद जी सरस्वती रविवार को आएंगे रतलाम
महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

विधायक चेतन्य काश्यप ने ली महिला कार्यकर्ताओं की बैठक

एसीएन टाइम्स @ रतलाम चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं श्री हरिहर सेवा समिति के तत्त्वावधान में 29 मई से श्रीमद् भागवत कथा आरंभ होगी। रतलामवासियों को कथा का रसपान कराने हेतु महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंद जी सरस्वती महाराज 28 मई को रतलाम आ रहे हैं। उनके आगमन पर नगर में भव्य स्वागत होगा।

4 जून तक चलने वाली श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में होगा। इसकी तैयारियों को लेकर फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने महिला कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें कथा से पूर्व सोमवार को निकलने वाली भव्य कलश यात्रा एवं कथा स्थल की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में श्री गोपालजी का बड़ा मंदिर न्यास के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, समाजसेवी गोविंद काकानी, ताराबेन सोनी, राखी व्यास, पार्षद निशा सोमानी, अनीता कटारा सहित महिला मंडल की सभी प्रमुख कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।

समाज के सहयोग के बिना ऐसे आयोजन संभव नहीं

विधायक काश्यप ने बताया कि परिवार के सौभाग्य से हमें लगातार 30-35 साल से ऐसे आयोजनों को करने का अवसर मिल रहा है। इस बार भी हमारे परिवार को सामाजिक और धार्मिक कार्य का जो अवसर मिला है, इसमें आपकी सहभागिता और सहयोग मिल रहा है। इस तरह के कार्य हमेशा से समाज के सहयोग से पूरे होते हैं। समाज का सहयोग नहीं होता है तो इस तरह के काम में सफलता भी नहीं आती है। सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी की सहभागिता जरूरी होती है।

घोड़े और ऊंट भी शामिल होंगे कलश यात्रा में

बैठक के आरंभ में मनोहर पोरवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा के साथ कथा के संबंध महिला कार्यकताओं को विस्तृत रूप से जानकारी दी। गोविंद काकानी ने अलकापुरी चौराहे से बरबड़ विधायक सभागृह कथा स्थल तक निकलने वाली कलश यात्रा के बारे बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा में सबसे आगे घोड़े, ऊंट, बग्घी, बैंड बाजे, ध्वज वाहिनी चलेगी।

महामंडलेश्वर का रविवार को होगा नगर प्रवेश, काश्यप करेंगे अगवानी

श्रीमद् भागवत कथा के लिए महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदंबरानंद जी सरस्वती महाराज के आगमन पर 28 मई केा सुबह 10 बजे नगर के प्रवेश द्वार सालाखेड़ी फोरलेन पर उनकी अगवानी होगी। सालाखेड़ी से स्वामी जी महू रोड फव्वारा चौक होते हुए टीआईटी रोड, स्टेशन रोड, दिलबहार चौराहे से विधायक चेतन्य काश्यप के निवास पर पहुंचेंगे। मार्ग में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वामी जी का स्वागत-सत्कार किया जाएगा। विधायक निवास पर काश्यप स्वामी जी की अगवानी करेंगे एवं स्वामी जी उपस्थितजन को आशीर्वचन देंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।