राहत की खबर : आप सड़क के गड्ढों से हैं परेशान तो चिंता छोड़िए, सड़क का फोटो खींचिए और लोकपथ एप पर भेज दीजिए

लोक निर्माण विभाग ने लोकपथ एप लांच किया है जिसके माध्यम से लोग सड़कों के गड्ढे ठीक करवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें सड़क के गड्ढे के साथ शिकायत दर्ज करवाना होगी।

Aug 2, 2024 - 22:34
 0
राहत की खबर : आप सड़क के गड्ढों से हैं परेशान तो चिंता छोड़िए, सड़क का फोटो खींचिए और लोकपथ एप पर भेज दीजिए
सड़क के गड्ढे ठीक करने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने लोकपथ एप लांच किया है।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । लोक निर्माण विभाग ने लोकपथ ऐप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति लोक निर्माण विभाग की सड़क ठीक करवा सकेगा। इसके लिए आपको सड़क के गड्ढे के फोटो लोकपथ ऐप पर शिकायत दर्ज करवानी होगी। 

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह ने बताया कि लोकपथ ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। नागरिक मोबाइल नंबर दर्ज कर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से अपनी प्रोफाइल बना सकते हैं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की सड़क पर गड्ढा दिखे तो फोटो के साथ शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

ऐसे होगा शिकायत का निराकरण

लोकपथ ऐप पर तीन स्तर के अधिकारी-कर्मचारी नामांकित किए गए हैं। इसमें एल-1 पर उप यंत्री एल-2 पर अनुविभागीय अधिकारी एवं एल-3 पर कार्यपालन यंत्री हैं। एल-1 अधिकारी 7 दिवस में शिकायत को संतुष्टि पूर्वक हल करके बंद कर सकते हैं। एल-1 अधिकारी द्वारा सात दिवस में शिकायत का निराकरण नहीं करने पर वह एल-2 अधिकारी के पास पहुंच जाएगी। एल-2 द्वारा पांच दिवस में संतुष्टि पूर्ण हल करना होगा। ऐसा नहीं होने पर शिकायत एल-3 के पास पहुंचेगी और उसे तीन दिवस में संतुष्टि पूर्वक हल कर शिकायत बंद करना होगी। 

47 में 19 शिकायतों का हुआ निराकरण, बाकी अन्य विभागों की

अभी तक ऐप के माध्यम से 47 शिकायतें विभाग को मिल चुकी हैं जिसमें से 19  का निराकरण भी किया जा चुका है। शेष शिकायतें अन्य विभागों की होने से उसकी सूचना संबंधित विभाग को पत्र के माध्यम से दी जा रही है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।