रतलाम नगर निगम के 49 वार्डों में से 47 के पार्षद पद के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित, वार्ड नंबर 48 व 11 पर रहस्य बरकरार, सूची को लेकर पार्टी में घमासान

भाजपा ने महापौर पद के बाद रतलाम नगर निगम के लिए पार्षद पद के प्रत्याशियों का भी ऐलान कर दिया है। सूची में 49 वार्डों में से अभी 47 के ही नाम है। 2 वार्डों में अभी फैसला नहीं हो सका है।

रतलाम नगर निगम के 49 वार्डों में से 47 के पार्षद पद के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित, वार्ड नंबर 48 व 11 पर रहस्य बरकरार, सूची को लेकर पार्टी में घमासान
रतलाम नगर निगम के लिए भाजपा के पार्षद प्रत्याशी घोषित।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार रात को रतलाम नगर निगम के 47 वर्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। अभी दो वार्ड के प्रत्याशियों को लेकर पार्टी में मंथन जारी है। इससे एक दिन पूर्व पार्टी ने महापौर प्रत्याशी के रूप में पूर्व पार्षद प्रहलाद पटेल का नाम घोषित किया था।

भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रदत्त निर्देश पर संभागीय चयन समिति की अनुशंसा पर रतलाम जिलाध्यक्ष ने रतलाम नगर निगम के पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की। अभी 49 में से 47 वार्डों के ही नाम घोषित किए गए हैं। दो वार्डों के लिए उम्मीदवार बाद में तय किए जाएंगे। वार्ड नंबर ओबीसी के लिए आरक्षित वार्ड 11 और अनारक्षित वार्ड 48 के लिए अभी किसी का भी नाम तय नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 11 से टिकट चाहने वालों की सूची में एक दर्जन से ज्यादा नाम हैं।

प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी में मचा घमासान

जैसे ही भाजपा ने पार्षद पद के प्रत्याशियों की सूची जारी की दावेदारों में घमासान मच गया। वाट्सएप ग्रुपों पर संदेशों की बाढ़ आ गई। पूर्व पार्षदों सहित कई वरिष्ठों को तवज्जो नहीं दिए जाने से उनमें ज्यादा आक्रोश देखा जा रहा है। सूची देख कर ही प्रतीत हो रहा है कि विधायक चेतन्य काश्यप से दूरी बनाने वालों को पार्टी द्वारा दरकिनार किया गया है। अन्य गुटों के दावेदारों में भी नाराजगी है। विरोध के स्वर प्रदेश मुख्यालय तक भी पहुंचाने के प्रयास तेज हो ग एहैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कल का दिन भाजपा के लिए भारी हो सकता है। 

अनारक्षित  से आरक्षित को टिकट देने का विरोध भी तेज

जैसी की आशंका जताई जा रही है कि राजनीतिक दल आरक्षित वर्ग के प्रति ज्यादा उदार दिखाने का प्रयास कर सकती हैं। भाजपा द्वारा रतलाम नगर निगम, धामनोद और नामली नगर परिषदों में अनारक्षित सीटों पर ओबीसी व अन्य आरक्षित वर्ग को टिकट देने को लेकर भी विरोध हो रहा है। इसे रोकने के लिए पिछले दिनों अस्तित्व में आए सामान्य वर्ग सर्वदलीय समूह में लोगों ने भाजपा की नीति का जमकर विरोध किया। समूह के सदस्यों ने इसे लेकर प्रदेश स्तर तक विरोध जाहिर करने की बात कही है।

विरोध प्रमाण सहित करने से पहले सभी वार्डों के आरक्षण की सूची और भाजपा द्वारा दिए गए टिकटों का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद वार्डवार सूची तैयार कर विरोध जताया जाएगा। चूंकि अब कांग्रेस की सूची आना शेष है इसलिए समूह का ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। सामान्य वर्ग सर्वदीलय समूह के सदस्यों का कहना है कि जो भी पार्टी अनारक्षित वार्ड से आरक्षित वर्ग को टिकट  देगी, समूह उसके पार्षद प्रत्याशी का पूरे शहर में विरोध करेंगे। इसके लिए कई लोग पूर्व में ही अपने-अपने शपथ-पत्र भी दे चुके हैं। इससे माना जा रहा है कि भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी को उपरोक्त अभियान में शामिल लोगों का विरोध झेलना पड़ सकता है।