नवाचार लगातार : सी. एम. राइज विनोबा स्कूल में पढ़ाई के लिए हो रहा नई तकनीक का उपयोग, स्क्रीन पर सवाल नजर आते ही बच्चे क्लिकर डिवाइस से देते हैं जवाब

रतलाम के सीएम राइज स्कूल में आधुनिक तकनीक और उपकरण क्लिकर डिवाइस के माध्यम से पढ़ाई होने से विद्यार्थियों को लैसन समझने में आसानी हो रही है।

Jan 16, 2024 - 20:26
Jan 16, 2024 - 20:27
 0
नवाचार लगातार : सी. एम. राइज विनोबा स्कूल में पढ़ाई के लिए हो रहा नई तकनीक का उपयोग, स्क्रीन पर सवाल नजर आते ही बच्चे क्लिकर डिवाइस से देते हैं जवाब
क्लिकर डिवाइस की मदद से प्रश्नों के जवाब देते सीएम राइज विनोबा हायर सेकंडरी स्कूल रतलाम के विद्यार्थी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम डिजिटल युग ने पढ़ाई को भी सुविधा संपन्न और आसान बना दिया है, फिर चाहे ऑनलाइन पढ़ाई हो या फिर क्लास रूम में। अब क्लास रूम में परंपरागत बोर्ड के साथ ही स्मार्ट बोर्ड भी उपयोग रहे हैं। कम्प्यूटर और इंटरनेट से जुड़े इन बोर्ड पर माउस क्लिक करते ही प्रश्न प्रदर्शित हो जाते हैं जिनका जवाब देने के लिए बच्चों को केवल रिमोट का बटन भर दबाना होता है।

पढ़ाई में शामिल हुई इस नई तकनीक का उपयोग रतलाम स्थित सी. एम. राइज विनोबा हायर सेकंडरी स्कूल में भी हो रहा है। यहां छठी, सातवीं तथा आठवीं कक्षा में ऐसा रोज होते रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थी एप के माध्यम से हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषयों के लेसन, असेसमेंट और मंथली असेसमेंट क्लिकर डिवाइस की मदद से सीख रहे हैं।

क्लिकर डिवाइस एक रिमोट जैसा उपकरण है जिसमें ए. बी. सी. डी. ई. तथा यस और नो के ऑप्शन होते हैं। जैसे ही छात्र प्रश्न पढ़ने के बाद ऑप्शन पर क्लिक करते हैं तो उनका दिया उत्तर स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाता है। विद्यार्थी अपना जवाब और सही जवाब दोनों देख पाते हैं। शिक्षक भी सभी विद्यार्थियों द्वारा दिए उत्तर देख पाते हैं। इससे असेसमेंट चैक करने में लगने वाले समय की बचत होने लगी है।

समय प्रबंधन सीखने में मिल रही मदद

विद्यार्थियों को एक निर्धारित समय में जवाब देना होता है। इससे वे समय प्रबंधन भी सिख रहे हैं। वे इस नवीन तकनीक से दी जा रही शिक्षा से उत्साहित हैं। उनसे पढ़ाई के बीच में ही प्रश्न पूछे जाते हैं। इससे वे पाठ को ध्यान से पढ़ते हैं और समझते हैं। प्रायः हर विद्यार्थी को यह जानने की उत्सुक्तता रहती है कि उनके द्वारा दिया गया जवाब सही है अथवा नहीं। क्लिकर डिवाइस के उपयोग में यह स्क्रीन पर ही पता चल जाता है। जवाब के साथ उनके नाम भी प्रदर्शित होते हैं। इससे पढ़ाई में रोचकता भी आई है। इस प्रकार सी. एम. राइज स्कूल नवीनतम तकनीक से अपनी शिक्षा को जोड़कर तकनीकी तौर पर समृद्ध उत्कृष्ट शिक्षा संस्थान बनने की ओर अग्रसर है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।