BJP प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा का बड़ा बयान; पूर्व CM दिग्विजय सिंह विधर्मियों के साथ खड़े रहते हैं, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

रतलाम में पिछले दिनों हुई पथराव की घटना पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जवाबी हमला किया है। वहीं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने उक्त घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

BJP प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा का बड़ा बयान; पूर्व CM दिग्विजय सिंह विधर्मियों के साथ खड़े रहते हैं, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
वीडी शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष- भाजपा) एवं चेतन्य काश्यप (कैबिनेट मंत्री- मप्र)

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम का साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पिछले दिनों रतलाम में गणेशोत्सव के दौरान गणेश प्रतिमा पर हुए पथराव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यहां रतलाम में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री झूठ बोलकर समाज का वातावरण बिगाड़ने वाले नेता हैं। उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वे तुष्टिकरण की राजनीति में विधर्मियों के साथ खड़े रहते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा रतलाम प्रवास के दौरान यहां सर्किट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होने कहा कि दिग्विजय सिंह के पास मुद्दे नहीं हैं। इसलिए वे झूठ बोलकर समाज का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उनके पास कोई काम नहीं है इसलिए वे इस तरह के बयान देकर चर्चाओं में बने रहने की कोशिश करते हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे गणेशोत्सव पर पथराव को उचित मानते हैं और पथराव करने वाले विधर्मियों के साथ हैं। समाज का वातावरण बिगाड़ने वाले तत्व चाहे दिग्विजय सिंह हों या कोई और हों, समाज और सरकार इनसे निपटने के लिए तत्पर है। डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ ऐसे तत्वों के खिलाफ काम कर रही है।

जहां पराजय का सामना करना पड़ा वहां करेंगे भाजपा को मजबूत

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा सैलाना विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा। इसलिए इस बार सैलाना पर सबसे अधिक फोकस है। वे खुद सैलाना विधानसभा के उन बूथों और शक्ति केन्द्रों पर फोकस कर रहे हैं, जहां पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा। शर्मा ने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में अधिक से अधिक सदस्य बनाकर पार्टी को मजबूत करेंगे ताकि अगले चुनाव में वहां भी जीत सुनिश्चित की जा सके। 

घटना बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण, निष्पक्ष जांच होगी- चेतन्य काश्यप

7 सितंबर की रात शहर का साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने को लेकर हुए प्रयासों को लेकर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का कहना है कि- यह घटना बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए हमारे द्वारा सभी से सक्रिय रूप से संपर्क कर मुख्यमंत्री को अवगत अवगत कराया गया। जो प्रशासनिक कार्रवाई आवश्यक थी, वह की गई है।

मंत्री काश्यप ने कहा कि- हमारे भाई प्रकाश मईड़ा की जो संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है उस पर न्यायिक जांच बिठा दी है। जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे अधिकारी हो या अन्य कोई, संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करेंगे। घटना की जांच किसी बाहरी अधिकारी से कराए जाने के सवाल पर उनका कहना है कि- मुझे लगता है कि एडीएम जवाबदार व्यक्ति हैं। अगर कुछ लगा तो अगली जांच भी कराएंगे। काश्यप के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच करवा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।