रतलाम के पूर्व महापौर डागा ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद, 2022 तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्णय का किया स्वागत
पूर्व महापौर एवं भाजपा अध्यक्ष शैलेंद्र डागा ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया है। डागा ने मुख्यमंत्री के दिसंबर, 2022 तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्णय का स्वागत किया है।
पूर्व महापौर डागा ने कहा है कि उन्हें इस बात की खुशी है कि अवैध कॉलोनी को वैध करने की शुरुआत वर्ष 2012 में उनके महापौर कार्यकाल में रतलाम से हुई थी। उस दौरान रतलाम में सर्वप्रथम 17 अवैध कॉलोनियां वैध हुई थीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उस समय इन 17 कॉलोनियों में विकास के लिए 8 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत भी की गई थी, जिसमें से चार करोड़ की राशि प्राप्त भी हो गई थी।
हजारों लोगों को मिलेगा फायदा
भाजपा नेता डागा ने कहा है कि वर्ष 2022 तक की सभी अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्णय से प्रदेश के हजारों परिवारों को फायदा मिलेगा। कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का विकास होगा और इन कॉलोनियों के रहवासियों को निर्माण अनुमति भी मिल सकेगी। डागा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नगरीय आवास एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह को धन्यवाद ज्ञापित किया है।