रतलाम में सराफा व्यवसायी के घर दागी गोलियां, रात में पिस्टल छोड़कर दे चुके थे संदेश, शेयर ट्रेडिंग विवाद की शिकायत से जुड़ा मामला, देखें वीडियो...
रतलाम के सैफी नगर में शेयर मार्केट में निवेश विवाद को लेकर शिकायतकर्ता सराफा व्यवसायी दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी के घर पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। इससे पहले कार में तोड़फोड़ कर पिस्टल छोड़ी गई थी। पुलिस जांच में जुटी है।
35 लाख रुपए के कथित निवेश विवाद में शिकायतकर्ता पर बढ़ा दबाव? पुलिस आवेदन के बाद दो चरणों में हुई वारदातों ने खड़े किए कई सवाल
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर हुए लाखों रुपए के कथित लेन-देन विवाद ने अब कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला रूप ले लिया है। पहले धमकियां, फिर आधी रात को घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर पिस्टल छोड़ना और कुछ घंटों बाद दिनदहाड़े घर पर फायरिंग करने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग निवेश को लेकर उपजे विवाद के चलते की गई।
जानकारी के अनुसार शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में सराफा व्यापारी कमल सोनी के घर पर शुक्रवार को दिनदहाड़े फायरिंग होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे दो बाइक सवार युवक दिव्यांश के घर पहुंचे। उन्होंने बाहर खड़ी कार के कांच फोड़ दिए और वाहन की सीट पर एक पिस्टल छोड़कर फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया था।
इसके कुछ ही घंटों बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3.00 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश फिर से व्यवसायी के यहां पहुंचे और उनके घर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली खिड़की के शीशे से टकराई जिससे वह बिखर गया। गनीमत रही कि मौके पर कोई व्यक्ति गोली की चपेट में नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक टीआई अनुराग यादव और हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें
यह बताई जा रही वजह
जानकारी के अनुसार सैफी नगर निवासी दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी ने हाल ही में सरवन थाने में एक लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया था कि आदित्य सोमानी निवासी सरवन ने उसे शेयर मार्केट का प्रशिक्षण देने और बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाकर मेटा ट्रेडर-5 और ग्लोबल ट्रेड एप डाउनलोड करवाए थे।
दिव्यांश का आरोप है कि इस प्रक्रिया में उससे करीब 35 लाख रुपए लिए गए। बाद में उसे बताया गया कि पूरी राशि बाजार में डूब गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि अब उससे 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है।
आवेदन के बाद मिली धमकी
फरियादी के अनुसार पुलिस में शिकायत देने के बाद सौरभ सोमानी ने उसे धमकी दी कि यदि मामला आगे बढ़ाया गया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसे जान से मारने तक की चेतावनी भी दी गई थी।
पहले पिस्टल छोड़ी, फिर फायरिंग की
घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि हमलावरों ने सीधे गोली चलाने से पहले भी अपनी मौजूदगी का संकेत दिया था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाना शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें







